Naya India-Hindi News, Latest Hindi News, Breaking News, Hindi Samachar

दिल्ली में मोदी, शाह से मिले हेमंत

Jharkhand Assembly election

नई दिल्ली। झारखंड विधानसभा के चुनाव में शानदार जीत हासिल करने के बाद झारखंड मुक्ति मोर्चा के नेता और झारखंड के कार्यवाहक मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन दिल्ली के एक दिन के दौरे पर पहुंचे थे। मंगलवार, 26 नवंबर को उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से मुलाकात की। हेमंत सोरेन की पत्नी कल्पना सोरेन भी उनके साथ थीं। हेमंत ने प्रधानमंत्री को अपनी सरकार के शपथ ग्रहण समारोह में शामिल होने का न्योता दिया। गौरतलब है कि हेमंत सोरेन गुरुवार, 28 नवंबर को रांची के मोरहाबादी मैदान में चौथी बार मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे।

हेमंत सोरेन ने कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, नेता विपक्ष राहुल गांधी और कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी से भी मुलाकात की। भाजपा नेताओं से मुलाकात के बाद हेमंत सोरेन ने मीडिया से कहा- आशीर्वाद के लिए आए थे। बहुत सारी बातें हैं। आगे भी मुलाकात होती रहेगी। हेमंत सोरेन ने आम आदमी पार्टी के संयोजक अरविंद केजरीवाल से भी मुलाकात की। इसके बाद उन्होंने कहा- राज्य में शपथ ग्रहण कार्यक्रम है। नई सरकार बनने जा रही है। उसके लिए आमंत्रित करने आए थे। केजरीवाल ने कहा- मनीष सिसोदिया, संजय सिंह के साथ मैं शपथ ग्रहण में शामिल होने जाऊंगा।

झारखंड की नई सरकार का शपथ ग्रहण समारोह 28 नवंबर की शाम चार बजे रांची के मोरहाबादी मैदान में होगा। इसमें कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी, पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी, सपा प्रमुख अखिलेश यादव, आप सुप्रीमो अरविंद केजरीवाल, राजद नेता तेजस्वी यादव, तेलंगाना के सीएम रेवंत रेड्‌डी, हिमाचल प्रदेश के सीएम सुखविंदर सिंह सुक्खू के शामिल होने की संभावना है। बताया जा रहा है कि हेमंत सोरेन ने कांग्रेस नेताओं से मुलाकात के दौरान कांग्रेस कोटे के मंत्रियों और विभाग पर चर्चा की। नई सरकार में जेएमएम की ओर से मुख्यमंत्री के अलावा छह, कांग्रेस के चार और राजद का एक मंत्री होगा।

Exit mobile version