Naya India-Hindi News, Latest Hindi News, Breaking News, Hindi Samachar

झारखंड सरकार ने राज्यपाल रमेश बैस को सम्मानित किया

रांची। झारखंड (Jharkhand) के मुख्यमंत्री आवासीय परिसर कांके रोड रांची में राज्य सरकार की ओर से राज्यपाल रमेश बैस (Ramesh Bais) के सम्मान में विदाई समारोह आयोजित की गई। भावपूर्ण वातावरण में राज्यपाल श्री बैस को मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन (Hemant Soren), झारखंड विधानसभा अध्यक्ष रबीन्द्र नाथ महतो, मंत्री जोबा मांझी, मंत्री आलमगीर आलम, मंत्री रामेश्वर उरांव, मंत्री सत्यानंद भोक्ता, मंत्री बन्ना गुप्ता, मंत्री बादल पत्रलेख ने सप्रेम पुष्पगुच्छ भेंटकर भावभीनी विदाई दी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि संवैधानिक अभिभावक के रूप में आदरणीय श्री रमेश बैस जी का मार्गदर्शन राज्य को हमेशा मिलता रहा। महाराष्ट्र का राज्यपाल नियुक्त होने पर झारखण्ड की जनता की ओर से आपको अनेक-अनेक बधाई, शुभकामनाएं और जोहार। आपके मार्गदर्शन में महाराष्ट्र आगे बढ़ता रहे यही कामना करता हूँ।

राज्यपाल श्री बैस की धर्मपत्नी रामबाई बैस उपस्थित रहीं। इस अवसर पर मुख्यमंत्री की धर्मपत्नी कल्पना सोरन ने रामबाई बैस को सप्रेम बुके भेंटकर उनको भावभीनी विदाई दी। मौके पर राज्यपाल श्री रमेश बैस ने सभी के प्रति आभार व्यक्त किया।

बुधवार को आयोजित विदाई समारोह में कार्यवाहक मुख्य न्यायाधीश अपरेश कुमार सिंह, विधायक प्रदीप यादव, मथुरा महतो, सुदिव्य कुमार, उमाशंकर अकेला, राजेश कच्छप, राज्य के मुख्य सचिव सुखदेव सिंह, पुलिस महानिदेशक अजय कुमार सिंह, झारखंड कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष राजेश ठाकुर, कई विश्वविद्यालयों के कुलपति, राज्य सरकार के विभिन्न विभागों के प्रधान सचिव, सचिव, महाधिवक्ता, पुलिस विभाग के वरीय अधिकारीगण सहित अन्य गणमान्य लोग बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। (वार्ता)

Exit mobile version