Naya India-Hindi News, Latest Hindi News, Breaking News, Hindi Samachar

महाराष्ट्र में लहराया भगवा

Maharshtra New CM

मुंबई। महाराष्ट्र में भारतीय जनता पार्टी और उसके गठबंधन ने महाजीत का रिकॉर्ड बनाया है। राज्य की 288 सदस्यों की विधानसभा में भाजपा ने अकेले 132 सीटें जीती हैं। इस तरह भाजपा ने 2014 की नरेंद्र मोदी की पहली और सबसे बड़ी लहर में जीती 122 सीटों का रिकॉर्ड तोड़ दिया है। भाजपा की सहयोगी एकनाथ शिंदे की शिव सेना ने 57 सीटें जीती हैं, जबकि तीसरी सहयोगी अजित पवार की एनसीपी ने 41 सीटों पर जीत हासिल की है। इस तरह सत्तारूढ़ गठबंधन महायुति को कुल 230 सीटें आई हैं।

दूसरी ओर विपक्षी गठबंधन महाविकास अघाड़ी का सूपड़ा साफ हो गया है। लोकसभा चुनाव में राज्य की 48 में से 30 सीटें जीत कर शानदार प्रदर्शन करने वाली महा विकास अघाड़ी को 288 में से सिर्फ 48 विधानसभा सीटों पर जीत मिली है। उद्धव ठाकरे की शिव सेना 20 सीटों के साथ सबसे बड़ी विपक्षी पार्टी बनी है लेकिन उसने भी 10 फीसदी सीटें नहीं जीती हैं तो उसे भी मुख्य विपक्षी पार्टी का दर्जा नहीं मिलेगा। कांग्रेस को 16 और शरद पवार की एनसीपी को क्रमशः 16 और 10 सीटें मिली हैं। उसकी अन्य सहयोगी पार्टियों को दो सीटें मिली हैं। अन्य के खाते में 10 सीटें गई हैं।

चुनाव नतीजों के बाद भारतीय जनता पार्टी के महासचिव विनोद तावड़े ने कहा कि मुख्यमंत्री का फैसला जल्दी ही कर लिया जाएगा। उन्होंने कहा- हमें 26 नवंबर तक सरकार बनानी है, क्योंकि 26 नवंबर को विधानसभा का कार्यकाल खत्म हो रहा है। सीएम कौन होगा इसे लेकर फैसला भाजपा, शिव सेना और अजित पवार की पार्टी मिलकर ही करेगी। उन्होंने शनिवार को कहा- आज रात या कल तक हम लोग फैसला कर लेंगे कि सीएम कौन होगा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा- मुझे एनडीए कार्यकर्ताओं पर गर्व है। उन्होंने कड़ी मेहनत की। लोगों के बीच गए और हमारे सुशासन के एजेंडे को विस्तार से बताया।

बहरहाल, महाराष्ट्र में प्रतिष्ठा की लड़ाई बनी बारामती सीट पर उप मुख्यमंत्री और एनसीपी नेता अजित पवार ने एक लाख से ज्यादा वोटों से जीत दर्ज की। उन्होंने अपने शरद पवार की पार्टी के उम्मीदवार और अपने भतीजे युगेंद्र पवार को हराया। मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने कोपरी पाचपाखड़ी सीट पर एक लाख 20 हजार से ज्यादा वोट से जीत दर्ज की। भाजपा के नेता और उप मुख्यमंत्री देवेंद्र फड़नवीस नागपुर दक्षिण पश्चिम सीट पर करीब 40 हजार वोट से जीते। उद्धव ठाकरे के बेटे आदित्य ठाकरे ने कड़े मुकाबले में वर्ली सीट पर करीब नौ हजार वोट से जीत दर्ज की। उन्होंने एकनाथ शिंदे की शिव सेना के उम्मीदवार और राज्यसभा सांसद मिलिंद देवड़ा को हराया।

Exit mobile version