Naya India-Hindi News, Latest Hindi News, Breaking News, Hindi Samachar

कांग्रेस बांटने वाली पार्टी: मोदी

मुंबई। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शनिवार, पांच अक्टूबर को एक बार फिर महाराष्ट्र के दौरे पर पहुंचे। उन्होंने वाशिम में हजारों करोड़ रुपए की परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया। इस मौके पर उन्होंने किसान सम्मान निधि की 18वीं किश्त भी जारी की, जिसके तहत साढ़े नौ करोड़ किसानों के खाते में दो दो हजार रुपए नकद डाले गए। इसके बाद ठाणे की एक रैली में उन्होंने कांग्रेस पर हमला किया और उसे बांटने वाली पार्टी बताई।

प्रधानमंत्री मोदी ने महाराष्ट्र के ठाणे में एक रैली में कहा- कांग्रेस और उनके सहयोगियों का एक ही मिशन है, बांटो और सत्ता में रहो। वह जानती है उसका वोट बैंक एक रहेगा। हम बंटेंगे तो बांटने वाले महफिल सजाएंगे, जश्न मनाएंगे। कांग्रेस पर हमला करते हुए उन्होंने कहा- कांग्रेस को अर्बन नक्सल गैंग चला रहे हैं। वह देश विरोधियों के साथ खड़ी है। वह सोचती है कि अगर हम सभी एकजुट हो जाएंगे, तो देश को बांटने का उसका एजेंडा फेल हो जाएगा। कांग्रेस की सोच शुरू से ही विदेशी रही है।

इससे पहले उन्होंने वाशिम में कई परियोजनाओं के उद्घाटन के बाद एक कार्यक्रम में कहा कि हाल ही में दिल्ली में हजारों करोड़ रुपए की ड्रग्स जब्त की गई है। एक कांग्रेस नेता ड्रग्स रैकेट का सरगना है। कांग्रेस युवाओं को नशे की लत में धकेलकर मिलने वाले पैसे से चुनाव लड़ना चाहती है। गौरतलब है कि दिल्ली के महरौली में दो अक्टूबर को 560 किलो कोकीन जब्त की गई। बाजार में इसकी कीमत करीब साढ़े पांच हजार करोड़ रुपए है। इसका मुख्य आरोपी तुषार गोयल कांग्रेस में था। हालांकि दो साल पहले उसे कांग्रेस से निकाला जा चुका है।

Exit mobile version