Naya India-Hindi News, Latest Hindi News, Breaking News, Hindi Samachar

उद्धव की पार्टी 21 सीटों पर लड़ेगी

मुंबई। महाराष्ट्र की तीन पार्टियों के गठबंधन महाविकास अघाड़ी में सीट बंटवारा तय हो गया है। राज्य की 48 लोकसभा सीटों में से शिव सेना का उद्धव ठाकरे गुट सबसे ज्यादा 21 सीटों पर लड़ेगा। उसके बाद कांग्रेस 17 सीटों पर और एनसीपी का शरद पवार गुट 10 सीटों पर लड़ेगा।

मंगलवार को तीनों पार्टियों की साझा प्रेस कांफ्रेंस में सीट शेयरिंग के इस फॉर्मूले का ऐलान किया गया। बताया जा रहा है कि महाविकास अघाड़ी की तीनों पार्टियों के बीच मुंबई दक्षिण मध्य, भिवंडी, सांगली और सातारा सीट को लेकर सहमति बनने के बाद सीट शेयरिंग का ऐलान किया गया। इन चार सीटों को लेकर अंत तक मामला उलझा था।

अंत में मुंबई दक्षिण मध्य और सांगली सीट शिव सेना उद्धव ठाकरे गुट के हिस्से में गई, जबकि भिवंडी और सातारा सीट एनसीपी के शरद पवार गुट के खाते में गई। गौरतलब है कि इससे पहले कांग्रेस और एनसीपी तालमेल करके लड़ते थे और शिव सेना ने हमेशा लोकसभा चुनाव भाजपा के साथ लड़ा था। भाजपा के साथ तालमेल में शिव छोटी पार्टी होती थी, जबकि कांग्रेस और एनसीपी गठबंधन में हमेशा कांग्रेस ज्यादा सीटों पर लड़ती थी। महाविकास अघाड़ी में शिव सेना का उद्धव ठाकरे गुट बड़ी पार्टी के तौर पर लड़ रहा है।

बहरहाल, तीनों पार्टियों के बीच हुए समझौते के मुताबिक शिव सेना का उद्धव ठाकरे गुट जलगांव, परभणी, नासिक, पालघर, कल्याण, ठाणे, रायगढ़, मावल, धाराशिव, रत्नागिरी, बुलढाणा, हथकणंगले, शिरडी, संभाजीनगर, सांगली, हिंगोली, यवतमाल वाशिम, मुंबई दक्षिण, मुंबई दक्षिण मध्य, मुंबई उत्तर पश्चिम और मुंबई उत्तर पूर्व सीटों पर लड़ेगी। इस तरह उद्धव ठाकरे गुट को मुंबई की छह में से चार सीटें मिली हैं। उसने पिछले महीने के आखिर में 17 सीटों पर अपने उम्मीदवारों का ऐलान कर दिया था।

कांग्रेस पार्टी नंदुरबार, धुले, अकोला, अमरावती, नागपुर, भंडारा गोंदिया, गढ़चिरौली चिमूर, चंद्रपुर, नांदेड़, जालना, पुणे, लातूर, शोलापुर, कोल्हापुर, रामटेक, मुंबई उत्तर और मुंबई उत्तर मध्य सीट पर लड़ेगी। कांग्रेस अब तक 16 उम्मीदवारों के नाम का ऐलान कर चुकी है।

शरद पवार गुट की एनसीपी को बारामती, शिरूर, सातारा, भिवंडी, दिंडोरी, माढा, रावेर, वर्धा, अहमदनगर दक्षिण और बीड सीट मिली है। पार्टी अभी तक सात उम्मीदवारों के नाम का ऐलान कर चुकी है।

Exit mobile version