Naya India-Hindi News, Latest Hindi News, Breaking News, Hindi Samachar

सिक्किम में एसकेएम, अरुणाचल में भाजपा

नई दिल्ली। पूर्वोत्तर के दो राज्यों अरुणाचल प्रदेश और सिक्किम में हुए विधानसभा चुनाव के नतीजे आ गए हैं। अरुणाचल प्रदेश में एक बार फिर भारतीय जनता पार्टी ने बड़े बहुमत से सरकार बनाई है तो दूसरी ओर सिक्किम में भी सत्तारूढ़ सिक्किम क्रांति मोर्चा यानी एसकेएम ने ज्यादा बड़े बहुमत के साथ सरकार में वापसी की है। एसकेएम ने राज्य की 32 में से 31 सीटों पर जीत हासिल की है। विपक्षी पार्टी सिक्किम डेमोक्रेटिक फ्रंट को सिर्फ एक सीट मिली है। 25 साल तक लगातार राज्य के मुख्यमंत्री रहे पवन कुमार चामलिंग ने दो सीटों से चुनाव लड़ा था और वे दोनों से हार गए। दोनों राज्यों में 19 अप्रैल को एक चरण में वोटिंग हुई थी।

उधर, अरुणाचल प्रदेश में भाजपा फिर से सरकार बना रही है। भाजपा को 60 में से 46 सीट पर जीत मिली हैं। पार्टी ने पहले ही 10 सीटों पर निर्विरोध जीत दर्ज की थी और रविवार को हुई वोटों की गिनती में उसने 36 सीटें जीतीं। मेघालय के मुख्यमंत्री कोनरेड संगमा की नेशनल पीपुल्स पार्टी को पांच सीटें मिली हैं। अरुणाचल प्रदेश में भाजपा ने सभी 60 सीटों पर चुनाव लड़ा था, जबकि कांग्रेस ने सिर्फ 19 सीटों पर उम्मीदवार उतारे थे।

चुनाव नतीजों के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ट्विट करके दोनों राज्यों के मुख्यमंत्रियों को बधाई दी है और केंद्र सरकार की ओर राज्य के विकास कार्यों में सहयोग का भरोसा दिलाया है। चुनाव के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने नौ मार्च को अरुणाचल प्रदेश की राजधानी इटानगर में रोड शो किया था। उधर सिक्किम में 2019 के चुनावों के बाद एसकेएम का भाजपा के साथ गठबंधन हुआ था, लेकिन इस बार चुनावों से पहले भाजपा ने सिक्किम में अकेले चुनाव लड़ने का ऐलान करके गठबंधन तोड़ दिया था। 2019 में अरुणाचल में भाजपा ने 41 सीटें जीतकर सरकार बनाई थी। वहीं, सिक्किम में एसकेएम ने 32 में से 17 सीटों पर जीत दर्ज की थी। इस बार दोनों की सीटों में इजाफा हुआ है।

Exit mobile version