Naya India-Hindi News, Latest Hindi News, Breaking News, Hindi Samachar

बाढ़ का जायजा लेने पंजाब जाएंगे मोदी

नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पंजाब में बाढ़ से हुई तबाही का जायजा लेने के लिए राज्य का दौरा करेंगे। बताया गया है कि प्रधानमंत्री नौ सितंबर को पंजाब का दौरा करेंगे। उससे पहले आठ सितंबर को मुख्यमंत्री भगवंत मान ने एक अहम बैठक बुलाई है। पंजाब के प्रदेश भाजपा अध्यक्ष सुनील जाखड़ ने प्रधानमंत्री के दौरे की जानकारी दी है। इससे पहले केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह ने भी पंजाब के बाढ़ प्रभावित इलाकों का दौरा किया था।

गौरतलब है कि पंजाब के सभी 23 जिलों में करीब दो हजार गांव बाढ़ से प्रभावित हैं। बाढ़ के कारण अब तक करीब 50 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि पौने दो लाख हेक्टेयर की फसलें बरबाद हो गई हैं। हालांकि मौसम विभाग के मुताबिक, राज्य में अगले तीन दिन बारिश का अलर्ट नहीं है, इसलिए हालात सुधरने की संभावना है। हालांकि लुधियाना का ससराली बांध टूटने का खतरा बना हुआ है।

पंजाब के अलावा देश के कई और राज्यों में बाढ़ और लगातार बारिश से स्थिति गंभीर है। उत्तराखंड के उत्तरकाशी जिले के नौगांव में शनिवार शाम को बादल फटा। इससे बाजार और कई घरों में पानी और मलबा घुस गया। सड़क पर खड़ी कई गाड़ियां भी बह गईं। उत्तर प्रदेश के मथुरा में यमुना नदी शहर से एक किलोमीटर दूर तक पहुंच गई है। घाट किनारे के आश्रमों में कई फीट तक पानी भरा है। वृंदावन परिक्रमा मार्ग पानी में डूबा है।

उधर जम्मू कश्मीर में भी हालात नहीं सुधरे हैं। बारिश के कारण जम्मू श्रीनगर नेशनल हाईवे बंद है, जिससे यात्री और स्थानीय लोग ढही हुई पहाड़ी पर बने अस्थायी रास्ते से जा रहे हैं। जम्मू कश्मीर पुलिस और सीआरपीएफ की टीम मदद कर रही है। इस बीच राजस्थान के कई इलाकों में बारिश थम गई है लेकिन जालौर में सोमवार को भारी बारिश के अलर्ट के चलते कलेक्टर ने जिले के सभी सरकारी व प्राइवेट स्कूलों में छुट्टी घोषित की है।

Exit mobile version