समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव जेल में बंद पार्टी के वरिष्ठ नेता मोहम्मद आजम खान से मिलने के लिए बृहस्पतिवार को रामपुर पहुंचे। पार्टी से जुड़े सूत्रों ने यह जानकारी दी।
राज्य में 2027 में होने वाले आगामी विधानसभा चुनाव के मद्देनजर यह मुलाकात राजनीतिक गलियारों में काफी महत्वपूर्ण मानी जा रही है।
‘पीटीआई वीडियो’ के मुताबिक यादव जौहर विश्वविद्यालय के हेलीपैड पर उतरे, जहां आजम खान के परिवार के सदस्यों और पार्टी कार्यकर्ताओं ने उनका स्वागत किया। इसके बाद वह खान से मिलने के लिए रामपुर जिला जेल पहुंचे।
Also Read : राहुल गांधी “पार्ट टाइम नेता, फुल टाइम सैलानी”: शिवराज चौहान
सूत्रों ने बताया कि बाद में वह खान के आवास पर जाएंगे और परिवार के सदस्यों से मिलेंगे। राजनीतिक विशेषज्ञों का मानना है कि अखिलेश यादव की आजम खान से मुलाकात सिर्फ हालचाल जानने तक सीमित नहीं है। आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों के मद्देनजर दोनों नेताओं के बीच प्रत्याशियों के चयन और चुनावी रणनीति पर गहन चर्चा हो सकती है।
मुरादाबाद और बरेली मंडल की विधानसभा सीट पर प्रत्याशियों के चयन में आजम खान से विचार-विमर्श अहम भूमिका निभा सकता है।
Pic Credit : UNI
