Naya India-Hindi News, Latest Hindi News, Breaking News, Hindi Samachar

अमेठी, रायबरेली में आज नामांकन

Bharat jodo nyay yatra

Bharat jodo nyay yatra

नई दिल्ली। उत्तर प्रदेश की अमेठी और रायबरेली सीट पर शुक्रवार को नामांकन दाखिल करने का आखिरी दिन है। कांग्रेस के जानकार सूत्रों का कहना है कि राहुल गांधी और प्रियंका गांधी वाड्रा शुक्रवार को नामांकन कर सकते हैं। बताया जा रहा है कि कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने राहुल और प्रियंका को चुनाव लड़ने का फैसला खुद करने के लिए कहा। इससे पहले कांग्रेस की केंद्रीय चुनाव समिति ने खड़गे को फैसला करने के लिए अधिकृत किया था। लेकिन खड़गे ने कहा कि फैसला दोनों को खुद ही करना है। हालांकि साथ ही यह भी कहा जा रहा है कि खड़गे ने उनसे कहा कि अमेठी, रायबरेली से चुनाव नहीं लड़ने का गलत मैसेज जाएगा।

इस बीच गुरुवार को खबर आई कि राहुल गांधी के नाम से अमेठी से ऑनलाइन नामांकन फॉर्म खरीदा गया है और वे शुक्रवार को नामांकन कर सकते हैं। गुरुवार सुबह को अमेठी पहुंचे सोनिया गांधी के प्रतिनिधि किशोरी लाल शर्मा ने कहा- गांधी परिवार का सदस्य ही चुनाव लड़ेगा। जब उनसे पूछा गया कि क्या राहुल लड़ेंगे? उन्होंने कहा- सारी तैयारियां उनके ही लिए है। किसी दूसरे व्यक्ति के लिए नहीं। गौरतलब है कि राहुल गांधी पिछली बार भाजपा की स्मृति ईरानी से हार गए थे।

बताया जा रहा है कि गांधी परिवार के नामांकन का काम देखने वाले वकील केसी कौशिक गुरुवार को पहले रायबरेली और फिर अमेठी पहुंचे। तभी यह भी कहा जा रहा है कि प्रियंका रायबरेली से चुनाव लड़ सकती हैं। भाजपा ने रायबरेली से योगी आदित्यनाथ सरकार में मंत्री दिनेश प्रताप सिंह को टिकट दे दिया है। वे 2019 में सोनिया गांधी के खिलाफ चुनाव लड़े थे।

Exit mobile version