Naya India-Hindi News, Latest Hindi News, Breaking News, Hindi Samachar

झारखंड के अस्पताल में आग का तांडव, आग की लपटों के बीच डॉक्टर पति-पत्नी ने साथ में तोड़ा दम, 6 की मौत

File Photo

धनबाद | Jharkhand Hospital Fire: झारखंड के धनबाद जिले से एक बड़ी खबर सामने आई है। यहां एक हॉस्पिटल में भीषण आग लग गई है। जिसमें एक डॉक्टर दंपत्ति समेत 6 लोगों की मौत होने की सूचना है। आग लगने की घटना के बाद अस्पताल में भर्ती मरीजों को बचाने के लिए चलाए गए रेस्क्यू ऑपरेशन में 9 लोगों को बचा लिया गया है।

जानकारी के अनुसार, ये अग्निकांड जिले के बैंकमोड़ के हाजरा हॉस्पिटल में हुआ है। अस्पताल में लगी आग पर काबू पाने के लिए फायर ब्रिगेड की गाड़ियां मौके पर पहुंची और आग बुझाने का काम शुरू किया। साथ ही पुलिस प्रशासन ने अस्पताल से मरीजों और लोगों को निकालने के लिए रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया।

आधी रात को अस्पताल में आग का तांडव
बताया जा रहा है कि आग लगने की यह घटना रात करीब 2 बजे के आस-पास हुई थी। जिसके बाद पूरे अस्पताल में अफरातफरी मच गई और मरीज समेत उनके परिजन इधर-उधर दौड़ने लगे।

आग की लपटों के बीच डॉक्टर पति-पत्नी ने साथ में तोड़ा दम
अस्पताल में लगी इस भीषण आग की घटना में दो डॉक्टर समेत 6 लोगों की मौत हो गई है। मृतकों में डॉक्टर विकास हाजरा और डॉक्टर प्रेमा हाजरा भी शामिल हैं। ये दोनों पति-पत्नी थे। इन सभी लोगों की मौत आग में झुलसने और धुएं में दम घुटने से होना बताई गई है।

अस्पताल परिसर में ही था डॉक्टर दंपत्ति घर
बताया जा रहा है कि, इस हादसे में जिस डॉक्टर दंपत्ति की मौत हुई है। उनका घर और हाजरा हॉस्पिटल दोनों एक ही परिसर में था। पहले घर में आग लगी और ये तेजी से अस्पताल तक फैल गई।

शॉर्ट सर्किट से लगी आग!
Jharkhand Hospital Fire: अस्पताल में आग लगने की घटना का कारण शुरूआती तौर पर शॉर्ट सर्किट को माना जा रहा है। हालांकि पुलिस अभी घटना की जानकारी में जुटी हुई है। ये बात भी सामने आई है कि अस्पताल में फायर फाइटिंग के भी इंतजाम नहीं थे और सुरक्षा में भी घोर लापरवाही का मामला दिखता नजर आ रहा है।

Exit mobile version