Naya India-Hindi News, Latest Hindi News, Breaking News, Hindi Samachar

उद्धव ठाकरे ने भाजपा को धोखा दियाः शाह

नांदेड़। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने शनिवार को शिवसेना (उद्धव बालासाहेब ठाकरे) के नेता उद्धव ठाकरे पर 2019 में महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव के बाद मुख्यमंत्री पद के लिए राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) से हाथ मिलाकर भाजपा को धोखा देने का आरोप लगाया।

केंद्र में नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व वाली सरकार के नौ साल पूरे होने के मौके पर भाजपा के संपर्क अभियान के तहत नांदेड़ में एक रैली को संबोधित करते हुए शाह ने कहा कि भाजपा ने पिछले साल ठाकरे नीत महा विकास आघाड़ी (एमवीए) सरकार को नहीं गिराया, बल्कि ठाकरे की नीतियों से थक चुके शिवसैनिक शरद पवार के नेतृत्व वाली राकांपा के साथ जाने को तैयार नहीं थे।

उन्होंने कहा, भाजपा अध्यक्ष के रूप में मैंने और तत्कालीन मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने बातचीत की थी, जिसमें ठाकरे सहमत थे कि अगर राजग (राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन) विजयी हुआ, तो फडणवीस (फिर से) मुख्यमंत्री होंगे। हालांकि, परिणाम (2019 में) के बाद, ठाकरे ने वादा तोड़ दिया और राकांपा की गोद में बैठ गए। शिवसेना (अविभाजित) और भाजपा ने 2019 का विधानसभा चुनाव साथ मिलकर लड़ा था, लेकिन शिवसेना मुख्यमंत्री पद को लेकर गठबंधन से बाहर हो गई थी।

Exit mobile version