Naya India-Hindi News, Latest Hindi News, Breaking News, Hindi Samachar

नीतीश ने कांग्रेस को साथ आने के लिए कहा

पटना। बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने अपनी सहयोगी कांग्रेस पार्टी से कहा है कि वह विपक्ष एकता की कोशिश में शामिल हो। नीतीश ने कांग्रेस नेता सलमान खुर्शीद की मौजूदगी में कहा कि कांग्रेस अगर साथ आती है और विपक्षी एकता बनती है तो अगले लोकसभा चुनाव में भाजपा को एक सौ सीट से भी नीचे समेटा जा सकता है। उन्होंने एक तरह से विपक्षा एकता बनाने के लिए गेंद कांग्रेस के पाले में डाल दी है। उनके भाषण के बाद खुर्शीद ने कहा कि वे इस बात को कांग्रेस आलाकमान तक पहुंचा देंगे।

असल में भाजपा विरोधी कई पार्टियों के नेता शनिवार को सीपीआई एमएल के अधिवेशन में शामिल हुए थे। इसमें नीतीश कुमार ने कहा- अब कांग्रेस को निर्णय लेना होगा कि 2024 में क्या रणनीति होनी चाहिए और विपक्षी एकता को किस तरह से मजबूत करना चाहिए। यदि कांग्रेस इस बात पर तैयार हो जाए तो 2024 में भाजपा एक सौ सीटों के अंदर सिमट कर रह जाएगी। नीतीश की सलाह पर कांग्रेस नेता सलमान खुर्शीद ने जवाब दिया है। उन्होंने कहा- नीतीश कुमार जी जो आप सोचते हैं, वो कांग्रेस भी सोचती है। बस बात इतनी सी है कि पहले आई लव यू कौन कहेगा।

सीपीआई माले के अधिवेशन में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के साथ उप मुख्यमंत्री तेजस्वी यादव और माले के महासचिव दीपंकर भट्‌टाचार्य भी शामिल हुए। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने अपने भाषण में कांग्रेस को संबोधित करते हुए कहा- विपक्ष एकता की कवायद चल रही है। आप लोगों के फैसले का इंतजार कर रहे हैं। कई पार्टियां एकजुट होने के लिए तैयार हैं। बस आपके फैसले का इंतजार है। देश के हित में सोचेंगे तो आपको ही फायदा होगा और दोस्त को भी फायदा होगा।

नीतीश कुमार ने कांग्रेस से कहा कि उनको कुछ नहीं चाहिए। उन्होंने कहा- हम चाहते हैं सभी एकजुट होकर 2024 में भाजपा का सामना करें। हम पहले भी साथ चल रहे थे, आगे भी साथ चलेंगे। सलमान खुर्शीद सामने बैठे हैं। हम लोगों ने विपक्षी एकता के लिए जाकर दिल्ली में संदेश दे दिया था। अब हम लोग कांग्रेस का इंतजार कर रहे हैं। कांग्रेस के पूर्व केंद्रीय मंत्री सलमान खुर्शीद ने नीतीश कुमार को जवाब देते हुए कहा- हम आपकी बात को आलाकमान तक पहुंचा देंगे, मैं एक वकील हूं, आपकी वकालत कर दूंगा।

Exit mobile version