Naya India-Hindi News, Latest Hindi News, Breaking News, Hindi Samachar

प्रियंका ने मध्य प्रदेश में दी पांच गारंटी

राहुल और प्रियंका

जबलपुर। कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने मध्य प्रदेश में विधानसभा चुनाव के प्रचार का आगाज कर दिया। उन्होंने कर्नाटक की तर्ज पर मध्य प्रदेश के लोगों के लिए भी पांच गारंटी का ऐलान किया। महिलाओं को हर महीने डेढ़ हजार रुपए दिए जाएंगे और रसोई गैस का सिलिंडर पांच सौ रुपए में मिलेगा। उन्होंने सरकारी कर्मचारियों के लिए पुरानी पेंशन योजना लागू करने का वादा भी किया। प्रियंका ने सोमवार को जबलपुर में एक बड़ी रैली को संबोधित किया और चुनाव का बिगुल फूंका। उन्होंने इससे पहले नर्मदा की पूजा भी की।

कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा सोमवार को जबलपुर पहुंचने के बाद ग्वारीघाट पर 101 ब्राह्मणों के साथ करीब 20 मिनट तक मां नर्मदा की पूजा-आरती की। इसके बाद एक जनसभा में उन्होंने भाजपा की केंद्र व राज्य सरकार पर बड़ा हमला किया। उन्होंने कहा- आपके साथ पिछले 18 साल से गलत हो रहा है। आपका इस्तेमाल हो रहा है। आपका शोषण हो रहा है। धन बल से जनादेश को कुचला जाता है। प्रियंका ने मध्य प्रदेश में सरकार बदलने पर कहा- पिछली बार आपने हमारी सरकार बनाई थी, लेकिन जोड़-तोड़ और पैसे से भाजपा के लोगों ने हमारी सरकार तोड़ी और अपनी बना ली। उन्होंने ज्योतिरादित्य सिंधिया या किसी अन्य विधायक का नाम लिए बिना कहा- अफसोस कि ऐसे कुछ नेता हमारे भी ऐसे थे, जो पार्टी छोड़कर चले गए। उनको पैसा मिला।

प्रियंका ने भ्रष्टाचार, घोटाले और महंगाई के मुद्दे भी उठाए। राज्य कि शिवराज सरकार पर हमला करते हुए उन्होंने कहा- इन्होंने महाकाल को भी नहीं छोड़ा। वहां हवा में मूर्तियां उखड़कर गिर गईं। एक पुजारी ने मुझे वीडियो भेजा। वह कह रहे हैं, हवा से मूर्तियां उड़ रही हैं। प्रियंका ने कहा- 225 महीनों की सरकार में इन्होंने 220 घोटाले किए हैं। यानी तकरीबन हर महीने एक नया घोटाला किया है। मैं आपसे वोट मांगने नहीं आई हूं, मैं आपसे जागरूकता मांगने आई हूं। आपके पास छह महीने हैं। इन छह महीनों में देखिए, कांग्रेस की सरकारें अपने प्रदेश में क्या कर रही हैं? अपना वोट अपने लिए डालिए।

इसके बाद प्रियंका ने कर्नाटक की तर्ज पर राज्य के लोगों को कुछ गारंटियां दीं। उन्होंने कहा- आज मैं कुछ गारंटी दे रही हूं। वे गारंटी, जो हम 100 प्रतिशत पूरा करेंगे। यह मेरा वादा है। ये गारंटी हैं, घोषणा नहीं। यही वादा हमने कर्नाटक में किया। वहां की सरकार ने पहली कैबिनेट में ही इसका बिल पास कर दिया। प्रियंका ने कहा कि हर महीने महिलाओं को डेढ हजार रुपए दिए जाएंगे। हर परिवार को एक हजार की बजाय पांच सौ रुपए में गैस सिलेंडर मिलेगा। एक सौ यूनिट तक बिजली बिल्कुल मुफ्त होगी और दो सौ यूनिट तक आधा दाम लगेगा। मध्य प्रदेश में पुरानी पेंशन योजना लागू करने का ऐलान भी उन्होंने किया। साथ ही कहा कि कमलनाथ की सरकार ने किसान कर्ज माफी की थी। जिन किसानों की कर्जमाफी नहीं हुई थी, उनका कर्ज इस बार माफ होगा।

Exit mobile version