Naya India-Hindi News, Latest Hindi News, Breaking News, Hindi Samachar

नोटबंदी व जीएसटी पर राहुल का हमला

लुधियाना। कांग्रेस की भारत जोड़ो यात्रा के दौरान गुरुवार को राहुल गांधी ने लुधियान में एक सभा को संबोधित किया और केंद्र सरकार को निशाना बनाया। उन्होंने नोटबंदी के फैसले पर फिर सवाल उठाया और दावा किया कि इससे छोटे कारोबारियों का कामकाज बंद हो गया। उन्होंने गलत तरीके से जीएसटी लागू करने का आरोप लगा कर भी केंद्र पर हमला किया। इससे पहले गुरुवार को भारत जोड़ो यात्रा 118वें दिन लुधियाना के दोराहा से शुरू हुई और शाम में समराला चौक पर समाप्त हुई।

कड़ी सुरक्षा के बीच राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा पंजाब में चल रही है। गुरुवार को पंजाब में यात्रा का दूसरा दिन था। राहुल की सुरक्षा की वजह से लुधियाना के दुगरी में रहने वाले दंगा पीड़ितों को पुलिस ने रोक दिया। उन्हें कॉलोनी से बाहर नहीं जाने दिया गया। बहरहाल, राहुल गांधी ने समराला में एक सभा को संबोधित करते हुए नोटबंदी ओर जीएसटी पर हमला किया। उन्होंने कहा कि मोदी ने देश का नुकसान किया मगर घमंड में नहीं मानते कि नुकसान हुआ है। राहुल ने कहा कि लुधियाना की इंडस्ट्री सबसे ज्यादा रोजगार दे सकती है लेकिन भाजपा ने छोटे उद्योगों को प्रचलित करने के लिए कोई काम नहीं किया है। उन्होंने लुधियाना के उद्योगों के साथ पक्षपात का आरोप लगाया।

पंजाब में राहुल गांधी की दूसरे दिन की भारत जोड़ो यात्रा लुधियाना के समराला चौक पर खत्म हो गई और वे वहां से दिल्ली रवाना हो गए। शुक्रवार को लोहिड़ी की वजह से यात्रा स्थगित रहेगी। शनिवार को फिर समराला से यात्रा शुरू होगी। इसे पहले समराला में राहुल गांधी ने कहा कि पंजाब मदद करने वालों का राज्य हैं। यहां गुरुओं ने सभी को प्यार करना सिखाया है। शनिवार को लुधियाना से जालंधर के लिए यात्रा रवाना होगी।

राहुल गांधी ने लुधियाना में छोटे और मझोले उद्योग को लेकर केंद्र पर निशाना साधा। उन्होंने कहा- केंद्र का फोकस सिर्फ दो-तीन घरानों पर है। स्मॉल स्केल इंडस्ट्री की तरफ किसी का ध्यान नहीं है। बड़े घराने देश को रोजगार नहीं दे सकते, लेकिन स्मॉल स्केल इंडस्ट्री दे सकती है। राहुल ने कहा- केंद्र स्मॉल स्केल इंडस्ट्री के लिए कुछ नहीं कर रहा। अगर स्मॉल स्केल इंडस्ट्री को सहायता मिले तो हम चाइना से मुकाबला कर सकते हैं।

केंद्र सरकार और भाजपा पर हमला करते हुए राहुल ने कहा- केंद्र देश में डर, नफरत व अहिंसा फैला रहा है। धर्म को दूसरे धर्म से, दोस्त को दोस्त और भाई को भाई से लड़ा रहा है। उन्होंने अपनी बात दोहराते हुए कहा कि नफरत के बीच उन्होंने मुहब्बत की दुकान खोली है। राहुल ने कहा- इस यात्रा में भाग लेने वाले लाखों करोड़ों लोगों ने इस मुहब्बत की दुकान को खोला है।

Exit mobile version