Naya India-Hindi News, Latest Hindi News, Breaking News, Hindi Samachar

आप विधायकों ने प्रदूषण का मुद्दा उठाया

नई दिल्ली। राजधानी दिल्ली में वायु प्रदूषण की स्थिति में एक दो दिन के लिए थोड़ी कमी आई लेकिन अक्टूबर के बाद से हवा लगातार खराब बनी हुई है। आम आदमी पार्टी के विधायकों ने हवा की गुणवत्ता खराब होने का मुद्दा दिल्ली विधानसभा में उठाया। विधानसभा के शीतकालीन सत्र में आप विधायकों ने जोर शोर से यह मुद्दा उठाया, जिसके बाद चार विधायकों को तीन दिन के लिए निलंबित कर दिया गया।

इससे पहले सोमवार को विधानसभा का शीतकालीन सत्र उप राज्यपाल वीके सक्सेना के अभिभाषण के साथ शुरू हुआ। उप राज्यपाल ने अपने भाषण में दिल्ली सरकार की उपलब्धियां बताईं। उन्होंने सरकार की प्राथमिकताएं गिनाने के साथ ही यह भी माना कि दिल्ली में वायु प्रदूषण का मुद्दा बहुत अहम है। उनके अभिभाषण के दौरान आम आदमी पार्टी के विधायकों ने प्रदूषण को लेकर नारेबाजी की।

इस हंगामे की वजह से आप के चार विधायकों को तीन दिन के लिए निलंबित कर दिया गया। निलंबित किए गए विधायकों में संजय झा, सोमदत्त, कुलदीप कुमार और जरनैल सिंह शामिल हैं। हंगामा बढ़ने पर विधानसभा अध्यक्ष विजेंद्र गुप्ता ने आप के कई विधायकों को मार्शल के जरिए सदन से बाहर निकलवा दिया। आम आदमी पार्टी के विधायकों ने सदन के बाहर विधानसभा परिसर में भी प्रदूषण के मुद्दे पर प्रदर्शन किया। विपक्ष की नेता और पूर्व मुख्यमंत्री आतिशी ने मुंह पर मास्क लगा कर प्रदर्शन का नेतृत्व किया।

Exit mobile version