Naya India-Hindi News, Latest Hindi News, Breaking News, Hindi Samachar

कनाडा के रास्ते से लौटा एयर इंडिया का जहाज

नई दिल्ली। भारत की विमानन कंपनियों खास कर एयर इंडिया की गलतियों का सिलसिला थम नहीं रहा है। शुक्रवार को एक बड़ी गलती का खुलासा हुआ है। गुरुवार को एयर इंडिया ने कनाडा के बैंकूवर के लिए गलत जहाज भेज दिया था। इस वजह से दिल्ली से कनाडा के वैंकूवर जा रही उड़ान एआई 185 को उड़ान भरने के करीब आठ घंटे बाद वापस दिल्ली लौटा। विमान चीन के एयरस्पेस से वापस लौटा।

असल में, एयर इंडिया ने गुरुवार को यात्रियों को बोइंग 777-300 ईआर की जगह बोइंग 777-200 एलआर फ्लाइट में भेज दिया था। गलती का पता तब चला जब विमान करीब चार घंटे उड़ान भर कर चीन के कुनमिंग एयरस्पेस में पहुंच चुका था। इसके बाद तुरंत विमान ने यू टर्न लिया। विमान ने गुरुवार सुबह करीब साढ़े 11 बजे दिल्ली से उड़ान भरी थी और शाम करीब सवा सात बजे वापस दिल्ली लैंड किया। विमान में दिल्ली से कनाडा जाने वाले तीन सौ से ज्यादा यात्री मौजूद थे। इसकी जानकारी शुक्रवार को सामने आई है।

विमानन नियमों के तहत अलग अलग देशों में विदेशी विमानन कंपनियों को अपने देश में संचालन की अनुमति देने के नियम अलग होते हैं। कुछ देश एयरलाइन के आधार पर अनुमति देते हैं, कुछ जहाज के आधार पर, जबकि कुछ किसी खास जहाज के लिए अलग मंजूरी देते हैं। एयर इंडिया के मामले में कनाडा ने सिर्फ बोइंग 777-300 ईआर विमान के संचालन की अनुमति दी है। गुरुवार को एयर इंडिया ने जो विमान भेजा था, उसे मंजूरी नहीं थी। वापस लौटे यात्रियों को होटल में ठहराया गया और उन्हें अगली सुबह यानी 20 मार्च को दूसरी फ्लाइट से वैंकूवर के लिए रवाना किया गया। घटना की जांच के आदेश दे दिए गए हैं।

Exit mobile version