बैरकपुर। दो दिन के पश्चिम बंगाल दौरे पर पहुंचे केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी को चेतावनी दी है। उन्होंने मोमो फैक्टरी में लगी आग का मुद्दा उठाया और कहा कि ममता बनर्जी सरकार इसे दबाना चाहती है लेकिन भारतीय जनता पार्टी ऐसा नहीं होने देगी। गौरतलब है कि कोलकाता के एक वेयरहाउस में आग लग गई थी, जिसमें 27 लोगों की जल कर मौत हो गई। भाजपा ने सवाल उठाया है कि ‘वाउ मोमो’ के इस वेयरहाउस के मालिक को अब तक क्यों नहीं गिरफ्तार किया गया? भाजपा इसके मालिक के तृणमूल कांग्रेस के साथ संबंध बता रही है।
बहरहाल, अमित शाह ने शनिवार को उत्तरी 24 परगना में एक रैली में कहा, ‘ममता सरकार घुसपैठियों को संरक्षण दे रही है। बंगाल के लोग तृणमूल कांग्रेस को उखाड़ फेकेंगे। इनकी विदाई का समय आ गया है’। उन्होंने घुसपैठियों को बाहर निकालने का वादा करते हुए कहा, ‘ममता जी को एसआईआर का जितना विरोध करना हैं कर लें। मतदाता सूची से घुसपैठियों को निकालना ही पड़ेगा। जो बचे घुसपैठिये रह जाएंगे वो भाजपा का सीएम आकर निकाल देगा’। उन्होंने कहा कि साल 2026 तृणमूल को ‘टाटा, बाय-बाय’ कहने का साल है।
अमित शाह ने ममता की पार्टी को निशाना बनाते हुए कहा, ‘तृणमूल तो कम्युनिस्टों से भी आगे निकल गई है। जब मैं पहले आया था, तो मैंने कहा था कि पश्चिम बंगाल में भारी बहुमत से बीजेपी की सरकार बनेगी। उस समय ममता बनर्जी मेरा मजाक उड़ा रही थीं। लेकिन जब भगवान राम ने राम सेतु बनाया था, तो रावण ने भी इसी तरह उनका मजाक उड़ाया था’। शाह ने कहा, ‘2024 में तीन दशक के बाद पहली बार मोदी लगातार तीसरी बार इस देश के प्रधानमंत्री बने हैं। 24 में ही हमने आंध्र प्रदेश में सरकार बनाई। हमने ओडिशा में सरकार बनाई। अरुणाचल में तीसरी बार सरकार बनाई। 2025 में हरियाणा, महाराष्ट्र और दिल्ली में 30 साल के बाद सरकार बनाई और 25 का अंत आते-आते बिहार में भी प्रचंड बहुमत के साथ भाजपा और एनडीए की सरकार बनी’।
