गांधीनगर। भारत और अमेरिका के बीच हुई व्यापार संधि पर राहुल गांध की ओर से लगातार हो रहे हमले को लेकर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने उन पर निशाना साधा है। शाह ने उन पर झूठ फैलाने का आरोप लगाया है। अमित शाह ने रविवार को गांधीनगर में राहुल पर आरोप लगाया कि वे अमेरिका, ब्रिटेन और यूरोपीय संघ के साथ भारत की ट्रेड डील को लेकर झूठ फैला रहे हैं और किसानों को गुमराह कर रहे हैं। अमित शाह ने राहुल गांधी को इस मसले पर पर सार्वजनिक रूप से बहस करने की चुनौती भी दी।
शाह ने कहा, ‘राहुल कोई भी प्लेटफॉर्म चुन लीजिए। बीजेपी युवा मोर्चा के प्रेसिडेंट भी आकर आपसे इस बात पर बहस कर सकते हैं कि किसने किसानों को नुकसान पहुंचाया है और किसने उनकी भलाई के लिए काम किया है’। अमित शाह ने कांग्रेस के आरोपों को मजाकिया बताते हुए कहा कि मोदी सरकार ने 2014 के बाद ऐसे किसी भी नियम को आगे नहीं बढ़ाया, जिससे किसानों को नुकसान हो। उन्होंने कहा कि सरकार ने हर समझौते में कृषि और डेयरी सेक्टर के हित सुरक्षित रखे हैं। किसानों, पशुपालकों और मछुआरों को चिंता करने की जरूरत नहीं है।
