Naya India-Hindi News, Latest Hindi News, Breaking News, Hindi Samachar

बंगाल में अमित शाह चुनवाएंगे सीएम!

नई दिल्ली। पश्चिम बंगाल में चुनाव जीतने के बाद भारतीय जनता पार्टी ने नौ मई को अपनी सरकार बनाने का फैसला किया है। पार्टी ने तय किया है कि भव्य समारोह में पश्चिम बंगाल में भाजपा के पहले मुख्यमंत्री और अन्य मंत्रियों की शपथ होगी। भाजपा का पहला सीएम कौन होगा, इसका फैसला अगले दो से तीन दिन में होगा। भाजपा ने विधायक दल के नेता का चयन करने के लिए केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह को पर्यवेक्षक नियुक्त किया है। उनके साथ ओडिशा के मुख्यमंत्री मोहन चरण मांझी भी केंद्रीय पर्यवेक्षक बनाए गए हैं।

गौरतलब है कि सोमवार, चार मई को आए नतीजे में भाजपा ने 206 सीटें जीती हैं। राज्य में बहुमत का जादुई आंकड़ा 148 सीट का है। बहरहाल, अमित शाह की मौजूदगी में भाजपा विधायक दल का नेता चुना जाएगा। नेता प्रतिपक्ष शुभेंदु अधिकारी के अलावा कई नेताओं के नाम की चर्चा है। शामिक भट्टाचार्य से लेकर दिलीप घोष और सुकांत मजूमदार से लेकर महिला नेता अग्निमित्रा पॉल तक के नाम की चर्चा है। पहले कहा जा रहा था कि भाजपा सात मई को गुरुदेव रविंद्रनाथ टैगोर के जन्मदिन के दिन ही शपथ ग्रहण करा सकती है। लेकिन अब कहा जा रहा है कि नौ मई को नई सरकार शपथ लेगी।

बहरहाल, भाजपा ने पश्चिम बंगाल के साथ साथ असम और पुडुचेरी में विधायक दल के नेता का चुनाव करने के लिए भी पर्यवेक्षक नियुक्त किया है। पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष और राज्यसभा में सदन के नेता जेपी नड्डा को असम के लिए पर्यवेक्षक बनाया गया है। हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी भी उनके साथ पर्यवेक्षक होंगे। पुडुचेरी के लिए केंद्रीय मंत्री मनसुख मांडविया को पर्यवेक्षक और निर्मल कुमार को सह पर्यवेक्षक बनाया गया है।

Exit mobile version