Naya India-Hindi News, Latest Hindi News, Breaking News, Hindi Samachar

पूर्वोत्तर के दौरे पर अमित शाह

अमित शाह

गुवाहाटी। केंद्रीय गृग मंत्री अमित शाह पूर्वोत्तर के तीन दिन के दौरे पर हैं। अपने दौरे के दूसरे दिन शनिवार को उन्होंने असम के जोरहाट में फिर से बने पुलिस अकादमी के पहले चरण का उद्घाटन किया। उसके बाद वे मिजोरम के दौरे पर गए, जहां असम राइफल्स से जुड़े एक समारोह में शामिल हुए। अमित शाह ने शनिवार को असम राइफल्स मुख्यालय को मध्य आइजोल से ज़ोखावसांग में स्थानांतरित करने के समारोह में भाग लिया।

इस मौके पर उन्होंने कहा, ‘आज का कार्यक्रम असम राइफल्स और सरकार के बीच केवल भूमि का आदान प्रदान नहीं है, यह लोगों की इच्छा के प्रति हमारी प्रतिबद्धता है। हमें आइजोल, पहाड़ी शहर को बेहतर शहर में बदलना है, जिसके लिए जगह की आवश्यकता थी, इसलिए यह बदलाव हो रहा है। इसलिए मोदी सरकार ने यह महत्वपूर्ण निर्णय किया है’। उन्होंने बताया कि मिजोरम में राष्ट्रीय राजमार्ग विकास पर ढाई हजार करोड़ रुपए खर्च किए गए हैं। गृह मंत्री ने कहा, ‘हम मिजोरम में चार लेन का राजमार्ग बना रहे हैं। राष्ट्रीय राजमार्ग के 16 सौ करोड़ रुपए के प्रमुख डबल लेनिंग कार्य हो रहे हैं’।

इससे पहले अमित शाह ने शनिवार की सुबह में असम के जोरहाट में फिर से बने पुलिस अकादमी के पहले चरण का उद्घाटन किया और दूसरे चरण की नींव रखी। इस मौके पर उन्होंने कहा, ‘लाचित बरफुकन पुलिस अकादमी आने वाले पांच सालों में देशभर में सर्वश्रेष्ठ पुलिस अकादमी बन जाएगी। मैं असम के मुख्यमंत्री हेमंत बिस्वा सरमा को आहोम साम्राज्य के सेनापति लाचित बरफुकन के नाम पर इस अकादमी का नाम रखने के लिए धन्यवाद देता हूं’।

इस कार्यक्रम के बाद शाह मिजोरम के लिए रवाना हुए। मिजोरम से लौट कर वे शनिवार की रात को गुवाहाटी के कोइनाधारा स्थित राज्य अतिथि गृह में ठहरेंहे। रविवार सुबह गृह मंत्री ऑल बोडो स्टूडेंट्स यूनियन के 57वें वार्षिक सम्मेलन को संबोधित करने के लिए असम के कोकराझार जिले के डोटमा जाएंगे। दोपहर में वे गुवाहाटी लौटेंगे और पूर्वोत्तर क्षेत्र के आठ राज्यों के मुख्यमंत्रियों के साथ भारतीय न्याय संहिता की प्रगति की समीक्षा करेंगे।

Exit mobile version