Naya India-Hindi News, Latest Hindi News, Breaking News, Hindi Samachar

राहुल के सरेंडर वाले बयान पर भाजपा का हमला

Alipurduar [West Bengal], May 29 (ANI): Prime Minister Narendra Modi addresses a public meeting, in Alipurduar on Thursday. (ANI Photo)

नई दिल्ली। कांग्रेस नेता राहुल गांधी के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर दिए गए सरेंडर वाले बयान को लेकर भाजपा ने उनके ऊपर तीखा हमला किया। भाजपा ने कहा है कि सरेंडर राहुल गांधी के डीएनए में भरा हुआ है। भाजपा ने यह भी कहा है कि कांग्रेस का कैलेंडर पूरी तरह सरेंडर से भरा है। गौरतलब है कि राहुल गांधी ने एक दिन पहले मंगलवार को भोपाल में कहा था कि भारत व पाकिस्तान के संघर्ष की बीच अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने एक फोन किया और ‘नरेंदर जी ने सरेंडर कर दिया’।

इस बयान पर भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने राहुल पर तीखा हमला किया। नड्डा ने बुधवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट लिख कर राहुल गांधी से कहा, ‘राहुल गांधी, सरेंडर आप करते होंगे, क्योंकि आपका इतिहास ही ऐसा रहा है। भारत कभी सरेंडर नहीं करता। सरेंडर आपकी पार्टी कांग्रेस की डिक्शनरी में है, आपके डीएनए में है’। नड्डा ने लिखा, ‘पाकिस्तान तो रोते रोते दुनिया को बता रहा है कि भारतीय सेना ने पाकिस्तान में 18 जगह हमला करके सब कुछ तबाह कर दिया और राहुल गांधी देश के सरेंडर की बात कर रहे हैं। उनको पता होना चाहिए कि ऑपरेशन सिंदूर की सफलता की घोषणा सरकार ने नहीं, बल्कि भारतीय सेना के अधिकारियों ने की थी’।

भाजपा अध्यक्ष ने दो लंबे पोस्ट लिखे, जिसमें उन्होंने लिखा, ‘जिस तरह से ऑपरेशन सिंदूर ने पाकिस्तान में तबाही मचाई, उसके बाद पाकिस्तान की जनता से लेकर उसकी सेना और उसके प्रधानमंत्री ने भी वो कहने की हिम्मत नहीं की, जो राहुल गांधी बोल रहे हैं। उन्होंने जो कहा, वह देशद्रोह से कम नहीं है’। राहुल गांधी ने सरेंडर वाले अपने बयान में यह भी कहा था कि बीजेपी और आरएसएस पर थोड़ा दबाव डालो तो वे डर कर भाग जाते हैं।

राहुल के बयान पर भाजपा प्रवक्ता सुधांशु त्रिवेदी ने कहा, ‘कांग्रेस सरकार ने 1965 में जीता हाजी पीर का दर्रा सरेंडर कर दिया, 1960 में सिंधु का 80 फीसदी पानी सरेंडर कर दिया, 1948 में कश्मीर का हिस्सा सरेंडर कर दिया, 1947 में मुस्लिम लीग के आगे एक तिहाई देश सरेंडर कर दिया। राहुल जी आप, आपकी पार्टी और आपके खानदान के कारनामे आजाद हिंदुस्तान के कैलेंडर में सरेंडर से भरे पड़े हैं’।

Exit mobile version