Naya India-Hindi News, Latest Hindi News, Breaking News, Hindi Samachar

भाजपा ने गलत नक्शा लगाने का आरोप लगाया

नई दिल्ली। कर्नाटक के बेलगावी में हुई कांग्रेस कार्य समिति की विशेष बैठक को लेकर भारतीय जनता पार्टी ने कांग्रेस पर हमला किया है। भाजपा ने कांग्रेस पर आरोप लगाया है कि उसकी बैठक में और उसके कार्यक्रमों को लेकर बाहर जो होर्डिंग्स लगाई गई है, उसमें भारत का गलत नक्शा लगाया गया है। भाजपा का कहना है कि कांग्रेस के लगाए नक्शे में कश्मीर को पाकिस्तान को हिस्सा दिखाया गया है।

भाजपा की आईटी सेल के प्रमुख अमित मालवीय ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर गलत नक्शे की तस्वीर पोस्ट की और लिखा है कि कांग्रेस ने अपने सभी होर्डिंग्स पर भारत का बिगड़ा हुआ नक्शा लगाया है, साथ ही सोनिया गांधी, राहुल गांधी और प्रियंका वाड्रा सहित अन्य की तस्वीरें भी लगाई हैं, जिसमें कश्मीर को पाकिस्तान का हिस्सा दिखाया गया है।

भाजपा सांसद सुधांशु त्रिवेदी ने भी इसे लेकर कांग्रेस पर हमला किया और कहा- आज एक तस्वीर सामने आई है जो दिल को दुखाती है। बेलगावी में कांग्रेस द्वारा आयोजित कार्यक्रम में उन्होंने भारत का जो मैप लगाया है, उसमें पाकिस्तान के कब्जे वाला कश्मीर और अक्साई चिन नहीं है। वे पहले भी ऐसी हरकतें कर चुके हैं। अब यह साफ हो गया है कि जो ताकतें भारत को तोड़ने की कोशिश कर रही हैं, उनके साथ कांग्रेस का संबंध अब स्पष्ट हो गया है।

Exit mobile version