Naya India-Hindi News, Latest Hindi News, Breaking News, Hindi Samachar

तृणमूल के दोनों खेमे लड़ेंगे उपचुनाव

कोलकाता। पश्चिम बंगाल में दो विधानसभा सीटों का उपचुनाव बहुत दिलचस्प होता जा रहा है। ममता बनर्जी की पार्टी तृणमूल कांग्रेस के दोनों खेमे चुनाव लड़ेंगे। दोनों ने उम्मीदवारों के नाम का ऐलान कर दिया है। दूसरी ओर कांग्रेस पार्टी ने तृणमूल कांग्रेसे से तालमेल नहीं किया है और अपना उम्मीदवार उतारने की घोषणा की है। लेफ्ट का उम्मीदवार भी होगा। इस तरह भाजपा को मिला कर रेजीनगर और नंदीग्राम दोनों सीटों पर कम से कम पांच बड़े उम्मीदवार होंगे।

इस बीच भाजपा ने नंदीग्राम और रेजीनगर सीट से उम्मीदवार का ऐलान किया है। भाजपा ने शुभेंदु अधिकारी की पारंपरिक नंदीग्राम सीट से उनके पीए रहे चंद्रनाथ रथ की मां को टिकट दिया है। गौरतलब है कि चंद्रनाथ रथ को छह मई की रात को गोली मारी गई थी। उन्हें गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां उनकी मौत हो गई थी।

बहरहाल, भाजपा ने नंदीग्राम से चंद्रनाथ रथ की मां हसीरानी रथ और रेजीनगर से शाश्वर सरकार को टिकट दिया है। यह सीट शुभेंदु अधिकारी के इस्तीफे से खाली हुई है। वे नंदीग्राम के अलावा भबानीपुर सीट से भी चुनाव जीते थे। वहां उन्होंने ममता बनर्जी को हराया था। चार मई को आए चुनाव नतीजों में भाजपा ने 207 सीटें जीत कर सरकार बनाई।

दोनों सीटों के उपचुनाव में तृणमूल कांग्रेस के दोनों गुट भी आमने सामने हैं। ऋतब्रत बनर्जी के नेतृत्व वाले बागी गुट ने नंदीग्राम से मोहम्मद एतेशामुल हक और रेजीनगर से सफीउज्जमान शेख को मैदान में उतारा है। वहीं ममता गुट ने नंदीग्राम से संचिता प्रधान डे और रेजीनगर से पूर्व विधायक रबीउल आलम चौधरी को उम्मीदवार बनाया है। दोनों गुट खुद को असली तृणमूल बता कर दो फूल चुनाव चिन्ह पर दावा कर रहे हैं। चुनाव आयोग ने दोनों की बात सुनी है। आयोग के गुरुवार तक इस पर फैसला करने की संभावना है।

Exit mobile version