Naya India-Hindi News, Latest Hindi News, Breaking News, Hindi Samachar

सीजेपी संस्थापक ने आरएसएस पर आरोप लगाए

नई दिल्ली। कॉकरोच जनता पार्टी यानी सीजेपी के संस्थापक अभिजीत दीपके नागपुर पहुंचे हैं, जहां उन्होंने नीट यूजी में पेपर लीक और सीबीएसई की 12वीं की परीक्षा में हुई गड़बड़ी के खिलाफ प्रदर्शन में हिस्सा लिया। उन्होंने नागपुर पहुंचने पर आरोप लगाया कि जयपुर में उनके प्रदर्शन के दौरान उनके ऊपर हमला आरएसएस के लोगों ने कराया था। दीपके ने मंगलवार को आरोप लगाया कि जयपुर में उन पर हुए हमले में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ यानी आरएसएस के लोगों का हाथ था।

दीपके ने कहा, ‘जब भी कोई सरकार या उसकी विचारधारा के खिलाफ बोलता है, तो ऐसा ही होता है। इसमें कुछ नया नहीं है’। गौरतलब है कि 15 जून को कॉकरोच जनता पार्टी ने जयपुर में प्रदर्शन किया था। इस दौरान भीड़ में शामिल युवकों ने दीपके को थप्पड़ मारे थे। इस बीच सीजेपी के इंस्टाग्राम अकाउंट पर दो लाख फॉलोअर्स कम हो गए हैं।

गौरतलब है कि कॉकरोच जनता पार्टी नीट पेपर लीक, सीबीएसई परीक्षा में गड़बड़ी और शिक्षा व्यवस्था से जुड़े मुद्दे को लेकर शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान का इस्तीफा मांग रही है। इसके लिए देश भर में प्रदर्शन कर रही है। जयपुर की घटना के बाद नागपुर में सीजेपी के प्रदर्शन में बड़ी संख्या में लोग जुटे। इससे पहले पुलिस और प्रशासन ने सुरक्षा के पुख्ता बंदोबस्त किए थे।

Exit mobile version