नई दिल्ली। प्रश्नपत्र लीक और परीक्षाओं में कथित धांधली के मुद्दे पर कांग्रेस ने केंद्र सरकार के खिलाफ अपना अभियान तेज करते हुए देश के 28 शहरों में केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग उठाई।
पार्टी के ‘छात्रों की गूंज’ अभियान के तहत 28 नेताओं ने अलग-अलग शहरों में संवाददाता सम्मेलनों को संबोधित कर आरोप लगाया कि केंद्र सरकार परीक्षा प्रणाली की विफलताओं के लिए जवाबदेही से बच रही है।
लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर कहा कि निष्पक्ष परीक्षा और सुरक्षित भविष्य की मांग करने वाले छात्रों को सरकार “आतंकवादी” बताकर उनकी आवाज दबाने की कोशिश कर रही है। उन्होंने धर्मेंद्र प्रधान से इस्तीफा देने और छात्रों से माफी मांगने की मांग की।
हाल में धर्मेंद्र प्रधान ने नीट-यूजी प्रश्नपत्र लीक और अन्य परीक्षा विवादों के बीच प्रदर्शन कर रहे कॉकरोच जनता पार्टी (कॉजपा) के कार्यकर्ताओं को “दहशतगर्दों की बी टीम” कहा था। इसी बयान को लेकर कांग्रेस ने सरकार पर तीखा हमला बोला है।
दिल्ली में गौरव गोगोई, भुवनेश्वर में पवन खेड़ा, पुणे में कन्हैया कुमार, जयपुर में अशोक तंवर और अहमदाबाद में सतेज पाटिल समेत कांग्रेस नेताओं ने अलग-अलग शहरों में प्रेस वार्ता कर सरकार की आलोचना की।
