Naya India-Hindi News, Latest Hindi News, Breaking News, Hindi Samachar

हिंदू-मुस्लिम एजेंडे पर दीपके का निशाना

मुंबई। राजधानी दिल्ली के जंतर मंतर पर प्रदर्शन करने के बाद अपने घर लौटे कॉकरोच जनता पार्टी के संस्थापक अभिजीत दीपके ने कहा है कि आंदोलन जारी रहेगा। उन्होंने कहा है कि वे अपने समर्थकों के साथ जंतर मंतर पर लौटेंगे और शिक्षा में चल रही गड़बड़ियों को ठीक करने के लिए आंदोलन जारी रखेंगे। उन्होंने कहा कि केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे तक आंदोलन जारी रहेगा। उन्होंने यह भी कहा कि पिछले 12 साल से देश में सिर्फ हिंदू और मुस्लिम का एजेंडा चल रहा है। उन्होंने कहा कि इससे लोगों को रोजगार नहीं मिलेगा।

दीपके ने रविवार को कहा, ‘नीट पेपर लीक और परीक्षाओं में गड़बड़ियों को लेकर उनका आंदोलन तब तक नहीं रुकेगा, जब तक केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान इस्तीफा नहीं दे देते’। दीपके ने आगे कहा, ‘शनिवार को नई दिल्ली के जंतर मंतर पर प्रदर्शन काफी सफल रहा। सात हजार लोगों ने हिस्सा लिया। सरकार ने ट्रेलर देखा कि एकजुट होने पर ‘कॉकरोच’ क्या कर सकते हैं। बात अभी खत्म नहीं हुई है। अब यह आंदोलन पूरे देश में किया जाएगा’।

गौरतलब है कि कॉकरोच जनता पार्टी के संस्थापक अभिजीत दीपके रविवार सुबह महाराष्ट्र के छत्रपति संभाजीनगर के वालुज इलाके में अपने घर पहुंचे, जहां उनके परिवार के सदस्यों ने उनका स्वागत किया। अभिजीत ने घर पहुंचने के बाद सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स के अपने अकाउंट पर पोस्ट किया, जिसमें उन्होंने कहा कि वे इंस्टाग्राम पर अपने फॉलोअर्स को संबोधित करेंगे।

उन्होंने अपनी पोस्ट में लिखा, ‘जब तक हम आवाज नहीं उठाएंगे तब तक परिवर्तन नहीं हो सकता। धर्मेंद्र प्रधान ने पूरी पीढ़ी के साथ अन्याय किया है। वे अगर इस्तीफा नहीं देते, तो 13 जून को फिर प्रदर्शन होगा’। उन्होंने आगे लिखा, ‘शनिवार को प्रदर्शन में शामिल ज्यादातर लोगों ने पहले कभी किसी विरोध प्रदर्शन में हिस्सा नहीं लिया था, लेकिन हमारी मौजूदगी से उन्हें शिक्षा प्रणाली पर अपना गुस्सा और हताशा व्यक्त करने का साहस मिला’।

दीपके ने अपनी पोस्ट में शनिवार के प्रदर्शन के बारे में बताते हुए लिखा, ‘तेज गर्मी, धूप में खड़े छोटे बच्चे और छात्रों ने साबित किया कि शांतिपूर्ण विरोध हमारी सबसे बड़ी ताकत है। मैं आपमें से हर एक को धन्यवाद देता हूं। सरकार शांतिपूर्ण आंदोलन को छू नहीं सकती। हम कॉकरोचों को कभी भी उनसे डरने की जरूरत नहीं है’। इस बीच कॉकरोच जनता पार्टी के इंस्टाग्राम पर फॉलोअर्स की संख्या भी बढ़ गई है। प्रदर्शन से पहले उनके फॉलोअर्स की संख्या 2.21 करोड़ थी। सात जून को दोपहर तीन बजे तक यह संख्या बढ़कर 2.27 करोड़ हो गई। यानी एक दिन में छह लाख फॉलोअर बढ़े।

Exit mobile version