Naya India-Hindi News, Latest Hindi News, Breaking News, Hindi Samachar

शाह ने लिया गुजरात और दिल्ली का जायजा

नई दिल्ली। राजधानी दिल्ली और गुजरात में बारिश और बाढ़ के हालात के बारे में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने जानकारी ली। उन्होंने गुजरात के मुख्यमंत्री और दिल्ली के उप राज्यपाल से बात करके हालात का जायजा लिया। बाद में खुद अमित शाह ने ट्विट करके इसकी जानकारी दी। गौरतलब है कि गुजरात के कई शहरों में भारी बारिश से बाढ़ के हालात बने हैं, जबकि दिल्ली में यमुना का जलस्तर तेजी से बढ़ रहा है।

दोनों राज्यों के हालात की जानकारी लेने के बाद गृह मंत्री अमित शाह ने ट्विट किया- गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल से हालिया भारी बारिश के कारण राज्य के विभिन्न हिस्सों में पैदा हुई बाढ़ जैसी स्थिति पर चर्चा की। दिल्ली के उप राज्यपाल वीके सक्सेना से भी यमुना नदी के जलस्तर को लेकर चर्चा की। उन्होंने आगे लिखा- जरूरतमंद लोगों की मदद के लिए पर्याप्त संख्या में एसडीआरएफ और एनडीआरएफ के कर्मी मौजूद हैं।

गौरतलब है कि गुजरात के दक्षिणी और सौराष्ट्र क्षेत्रों के कई जिलों में शनिवार को भारी से बहुत भारी बारिश होने के कारण कई गांवों में बाढ़ जैसी स्थिति पैदा हो गई है। बांधों एवं नदियों में जल खतरे के स्तर तक बढ़ गया है। उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश के कई हिस्सों में भारी बारिश के बाद हथिनीकुंड बराज से पानी छोड़े जाने के कारण यमुना का जलस्तर बढ़ गया है।

Exit mobile version