नई दिल्ली। लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के ऊपर बड़ा हमला किया है। राहुल ने कहा है कि ज्ञानेश कुमार ने वोट चोरी की है। राहुल ने उनके ऊपर देशद्रोह का आरोप लगाया है। हालांकि साथ ही यह भी कहा है कि ज्ञानेश कुमार को सरकारी गवाह बन जाना चाहिए। राहुल ने केंद्र सरकार पर भी निशाना साधा और कहा, ‘हम भारत के लोकतंत्र को खत्म नहीं होने देंगे। जो लोग इसके लिए जिम्मेदार हैं उन्हें सजा जरूर मिलेगी, आज नहीं तो कल या परसों’।
मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के मनमाने तरीके से काम करने, बाकी दो चुनाव आयुक्तों को फैसले मे नहीं शामिल करने और प्रदेश के चुनाव अधिकारियों को सेंट्रल डाटा बेस एक्सेस करने से रोकने की रिपोर्ट अंग्रेजी के एक अखबार में छपने के एक दिन बाद गुरुवार को राहुल गांधी ने प्रेस कॉन्फ्रेंस की। करीब एक घंटे की इस प्रेस कॉन्फ्रेंस में राहुल गांधी ने स्क्रीन पर कई स्लाइड्स दिखाईं। उन्होंने 19 लोगों की तस्वीरें दिखाईं और उन पर देश को बरबाद करने का आरोप लगाया। राहुल की दिखाई स्लाइड में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के अलावा ज्ञानेश कुमार, अजित डोवाल, निर्मला सीतारमण, गौतम अडानी, मुकेश अंबानी आदि शामिल थे।
राहुल गांधी ने अपनी प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा, ‘मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश ने वोट चोरी की है। वे देशद्रोही हैं। मैंने उनकी नियुक्ति का विरोध किया था, लेकिन सरकार ने मेरी बात नहीं मानी’। राहुल ने इंदिरा गांधी का भी जिक्र किया और कहा, ‘भारत में हर सरकार के खिलाफ एंटी-इंकंबेंसी होती है, इंदिरा गांधी बांग्लादेश युद्ध जीतने के बाद भी हारीं, फिर भाजपा के साथ ऐसा क्यों नहीं हुआ। इसकी वजह ज्ञानेश कुमार हैं। लोकसभा और विधानसभा चुनाव में धांधली की। इससे मोदी-शाह के खिलाफ एंटी इनकंबेंसी नहीं आई’।
लोकसभा के नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने कहा कि लोकतंत्र को खत्म करने वालों को सजा मिलनी चाहिए। राहुल ने ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग की और कहा कि प्रधानमंत्री मोदी और गृह मंत्री शाह की जांच होनी चाहिए। राहुल ने याद दिलाया कि वे तीन साल से यह बात कह रहे हैं कि चुनाव आयोग वोट चोरी कर रहा है। उन्होंने पहले चुनाव आयोग को भाजपा की बी टीम बताया था।
बहरहाल, राहुल गांधी ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में कुछ सवालों के जवाब दिए। एक सवाल के जवाब में उन्होंने कहा, ‘देश में वोट, कानून, संस्था और संविधान के बीच की कड़ी टूट गई है। सबको पता है कि सिस्टम डैमेज हो चुका है। लेकिन मोदी और शाह अपनी जांच थोड़ी करेंगे। पहले सिस्टम की रिपेयरिंग होगी, फिर जांच होगी’। विपक्ष के साझा आंदोलन पर राहुल ने कहा, ‘विपक्ष में इस बात को लेकर सौ फीसदी एग्रीमेंट है कि वोट चोरी हो रही है। भाजपा के अंदर भी लोग कह रहे हैं। हम सभी विपक्षी पार्टियां मिलकर इसके खिलाफ काम करेंगे और संविधान की रक्षा करेंगे’। राहुल ने यह भी दावा किया कि भाजपा को पता है कि ‘जेन जी’ उन्हें वोट नहीं देना चाहते। वे उनके खिलाफ आवाज उठा रहे हैं।
