Naya India-Hindi News, Latest Hindi News, Breaking News, Hindi Samachar

शेयर बाजार और रुपए में भारी गिरावट

मुंबई। ईरान पर अमेरिका और इजराइल के हमले की वजह से पश्चिम एशिया में बढ़ रहे तनाव का असर भारत और दुनिया भर के शेयर बाजारों में भी दिख रहा है। पिछले 10 दिन में भारतीय शेयर बाजार में निवेशकों के 22 लाख करोड़ रुपए डूबे हैं। सोमवार को बाजार खुलते ही बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज यानी बीएसई में बड़ी गिरावट हुई। सोमवार, नौ मार्च को बीएसआई का 30 शेयरों वाला संवेदी सूचकांक 1,353 अंक यानी 1.71 फीसदी गिर कर 77,566 के स्तर पर बंद हुआ। वहीं निफ्टी में भी 422 अंक यानी 1.73 फीसदी की गिरावट रही, ये 24,028 पर बंद हुआ।

सोमवार को बैंक, ऑटो, मेटल, एनर्जी और घरेलू इस्तेमाल की रोजमर्रा की चीजों यानी एफएमसीजी उत्पाद बनाने वाली कंपनियों के शेयरों में ज्यादा बिकवाली रही। जंग के हालात लंबे समय तक बने रहने की चिंता में निवेशक अपने शेयर बेच कर सुरक्षित जगह पर निवेश कर रहे हैं। इससे बाजार में गिरावट आ रही है।

पिछले 10 दिन में यानी ईरान पर अमेरिका और इजराइल के हमला शुरू करने के बाद निवेशकों की संपत्ति 22 लाख करोड़ रुपए से ज्यादा घट गई है। जंग शुरू होने से पहले यानी 27 फरवरी को बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज पर सूचीबद्ध सभी कंपनियों का कुल मार्केट कैप 4.63 लाख करोड़ था। लेकिन युद्ध की वजह से बाजार में भारी बिकवाली के कारण नौ मार्च तक यह घटकर 4.41 लाख करोड़ पर आ गया है।

Exit mobile version