नई दिल्ली। भारत ने दो अलग अलग मामलों में अमेरिका को जवाब दिया है। यूनाइडेट स्टेट कमीशन ऑन इंटरनेशनल रिलीजियस फ्रीडम यानी यूएससीआईआरएफ की एक रिपोर्ट को लेकर अमेरिका को जवाब दिया है। अमेरिका की यह संस्था दुनिया के देशों में धार्मिक स्वतंत्रता पर हर साल रिपोर्ट तैयार करती है। इस रिपोर्ट में कहा गया है कि भारत में चर्चों, गुरुद्वारों और मस्जिदों को निशाना बनाया गया है।
इसी तरह अमेरिकी न्याय विभाग की ओर से भारत को समन सौंपे जाने के मामले में भी भारत ने जवाब दिया है। विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने मंगलवार को प्रेस ब्रीफिंग के दौरान अमेरिकी अदालत के समन, यूएससीआईआरएफ की टिप्पणियों, चीन की ओर सेफैलाए जा रहे दुष्प्रचार जैसे कई मसलों पर जवाब किया।
विदेश मंत्रालय ने न्यूयॉर्क में सिख अलगाववादी गुरपतवंत सिंह पन्नू की याचिका पर अमेरिकी विदेश विभाग की ओर से भारत सरकार को सिविल केस के समन सौंपे जाने की खबरों पर सख्त रुख दिखाया। रणधीर जायसवाल ने राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजित डोवाल और रॉ के पूर्व प्रमुख सामंत गोयल सहित शीर्ष भारतीय अधिकारियों पर लगाए गए आरोपों को मनगढ़ंत और दुर्भावनापूर्ण करार दिया।
उन्होंने इस मुकदमे को तुच्छ और बेबुनियाद बताते हुए कहा कि भारत में किसी भी न्यायिक दस्तावेज की तामील केवल भारत के नामित केंद्रीय प्राधिकरण यानी कानून और न्याय मंत्रालय के माध्यम से ही की जा सकती है। यह मामला पन्नू की हत्या की कथित साजिश में आरोपी निखिल गुप्ता और विकास यादव के खिलाफ की जा रही जांच से जुड़ा है।
इसी तरह भारत में गुरुद्वारों, चर्चों और मस्जिदों सहित धार्मिक स्थलों को निशाना बनाए जाने के यूएससीआईआरएफ के दावों पर कड़ा ऐतराज जताते हुए इस संगठन की साख पर सवाल उठाए। रणधीर जायसवाल ने कहा कि यह एक पक्षपाती, अल्पज्ञानी और स्पष्ट राजनीतिक एजेंडे से प्रेरित संगठन है। उन्होंने यह भी कहा कि यह संस्था अमेरिका में भारतीयों पर हो रहे हमलों और हेट क्राइम का संज्ञान नहीं लेता है।
रणधीर जायसवाल ने चीनी नागरिकों के दुष्प्रचार का पर्दाफाश होने पर भी जवाब दिया। उन्होंने बांग्लादेश की राजधानी ढाका के झुग्गी झोपड़ी वाले इलाकों में चीनी नागरिकों द्वारा वीडियो शूट कर उन्हें सोशल मीडिया पर नई दिल्ली का बताकर प्रसारित करने के मामले पर चिंता जताई। जायसवाल ने इसे दुर्भाग्यपूर्ण करार देते हुए कहा कि किसी देश की ऐसी विकृत तस्वीर पेश करने से केवल दुष्प्रचार करने वालों और उनके पीछे मौजूद ताकतों की अपनी विश्वसनीयता खत्म होती है।
