नई दिल्ली। दो दिन की संक्षिप्त जंग के बाद इजराइल और ईरान ने एक दूसरे पर हमला रोक दिया है। अमेरिका ने दोनों देशों ने हमला बंद करने को कहा था। हालांकि इससे पहले दोनों ने एक दूसरे पर मिसाइल और ड्रोन से हमला किया। इजराइली सेना ने दावा किया है कि उसने ईरान के कई हवाई सुरक्षा सिस्टम पर हमला किया है। इजराइली वायु सेना ने पश्चिमी और मध्य ईरान में यह कार्रवाई की। हमले में उन जगहों को निशाना बनाया गया जहां ऐसे मिसाइल रखे थे जो लड़ाकू विमानों को मार सकते थे। इजराइल ने हमले का वीडियो भी जारी किया।
उधर ईरान की सेना ने कहा है कि फिलहाल उसने इजराइल के खिलाफ सैन्य कार्रवाई खत्म कर दी है। लेकिन साथ ही उसने चेतावनी दी है कि अगर इजराइल ने लेबनान पर फिर हमला किया तो ईरान पहले से ज्यादा कड़ा जवाब देगा। ईरान की सेना ने कहा है कि इजराइल पर किए गए उसके हमले हाल की घटनाओं का जवाब थे और इजराइल को इससे सबक लेना चाहिए।
हालांकि इलाके में तनाव अब भी बना हुआ है। इजराइल के साथ बढ़ते तनाव की वजह से ईरान ने अपने पश्चिमी हवाई क्षेत्र को अगले आदेश तक बंद कर दिया है। साथ ही देश के भीतर चलने वाली सभी घरेलू उड़ानें भी रद्द कर दी गई हैं। ईरान की मेहर समाचार एजेंसी के मुताबिक, यह फैसला सुरक्षा कारणों से लिया गया है। अधिकारियों ने कहा है कि हालात की समीक्षा के बाद ही उड़ान सेवाएं दोबारा शुरू की जाएंगी।
उधर इजराइल भी सावधानी बरत रहा है और उसने ऐलान किया है कि मंगलवार को भी स्कूल बंद रहेंगे। शिक्षा मंत्री योआव किश ने कहा है कि सुरक्षा कारणों से कक्षाएं शुरू नहीं की जाएंगी, भले ही ईरान ने फिलहाल हमले रोकने की बात कही हो। रविवार को इजराइली सेना ने नए सुरक्षा निर्देश जारी किए थे। इसके तहत बड़े कार्यक्रमों और भीड़ जुटाने पर रोक लगाई गई थी। साथ ही पूरे देश में स्कूलों को बंद कर दिया गया था। अप्रैल में ईरान और इजराइल के बीच पिछले संघर्ष के बाद पहली बार है जब पूरे देश में स्कूल बंद किए गए हैं। शिक्षा मंत्रालय का कहना है कि अगर हालात सामान्य रहे तो बुधवार से स्कूल खोले जा सकते हैं।
