कोलकाता। पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने शनिवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सभा में लगाए गए आरोपों का जवाब दिया और साथ ही भाजपा के ऊपर उनके खिलाफ साजिश रचने का आरोप भी लगाया। केशियारी में मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने चुनावी रैली को संबोधित करते हुए कहा कि भवानीपुर से उनकी उम्मीदवारी रद्द कराने की साजिश भाजपा ने रची थी।
ममता बनर्जी ने झारग्राम और पश्चिम मेदिनीपुर के केशियारी में रैली की। इस दौरान उन्होंने कहा, ‘भाजपा बंगाल विरोधी है, उन्हें अपने घर में घुसने मत दीजिए’। ममता ने दावा किया कि भाजपा ने दो झूठे हलफनामे दाखिल कर भवानीपुर से उनकी उम्मीदवारी रद्द कराने की कोशिश की। उन्होंने कहा, ‘मेरी उम्मीदवारी रद्द कराने के लिए दो झूठे हलफनामे दायर किए गए थे। वे ऐसा नहीं कर सके, लेकिन सोचिए अगर वे मेरे खिलाफ ऐसा कर सकते हैं, तो दूसरों के खिलाफ क्या-क्या कर सकते हैं’।
मुख्यमंत्री ने झारग्राम में चुनावी रैली को संबोधित करते हुए मंच पर बैठे पार्टी नेताओं से वोटिंग मशीनों की जांच करने की अपील भी की। उन्होंने कहा कि मतदान से पहले ईवीएम को जांचें और अगर कोई मशीन खराब लगे, तो तुरंत उसे बदलवाने की मांग करें। ममता ने भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा, ‘एसआईआर के दौरान ढाई सौ लोगों की मौत हुई और 90 लाख नाम हटाए गए, भाजपा बंगाल विरोधी और बाहरी लोगों के खिलाफ है, उन्हें अपने घर में घुसने मत दीजिए’।
