Naya India-Hindi News, Latest Hindi News, Breaking News, Hindi Samachar

केरल में मोदी का राहुल पर हमला

तिरूवनंतपुरम। विधानसभा चुनाव से पहले तमिलनाडु और केरल में सरकारी योजनाओं के उद्घाटन और शिलान्यास के लिए पहुंचे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कांग्रेस के नेता राहुल गांधी पर जम कर हमला बोला। उन्होंने कोच्चि में करीब 11 हजार करोड़ रुपए की कई विकास परियोजनाओं का उद्घाटन किया। इसके बाद प्रधानमंत्री ने एनडीए की एक चुनावी सभा को संबोधित किया। प्रधानमंत्री ने तमिलनाडु में भी कई परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया। गौरतलब है कि दोनों राज्यों में अगले महीने चुनाव होने वाला है।

केरल में अपनी रैली के दौरान मोदी ने राहुल गांधी की आलोचना की। उन्होंने कहा, ‘कांग्रेस के युवराज को यह नहीं पता कि भारत के युवा आज ड्रोन मैन्युफैक्चरिंग में कमाल कर रहे हैं। उन्हें यह भी नहीं पता कि केरल के युवाओं ने ड्रोन विकसित करने के लिए स्टार्टअप शुरू किए हैं। जो व्यक्ति अपने छोटे दायरे में सिमटा हो, उसे देश का विकास कभी नहीं दिखेगा’।

प्रधानमंत्री ने कहा, ‘खाड़ी और पश्चिम एशिया में जो कुछ हो रहा है, उसे लेकर लोगों का चिंतित होना स्वाभाविक है, लेकिन आज देश में बीजेपी की सरकार है। जब भी हमारा कोई देशवासी मुसीबत में फंसा है, हमने उसकी सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए अपनी पूरी ताकत लगा दी है’।

तमिलनाडु में रैली में मोदी ने कहा, ‘वेस्ट एशिया ने सभी पर असर डाला है। हम इंडिया फर्स्ट की पॉलिसी पर भरोसा करते हैं। पैनिक होने की और अफवाहों पर ध्यान देने की कोई जरूरत नहीं है’। उन्होंने कहा, ‘खाड़ी में जारी युद्ध ने हमें एक बार फिर आत्मनिर्भरता के महत्व का सबक सिखाया है। हमने देखा है कि कोविड संकट, यूक्रेन संकट और मौजूदा संकट के दौरान आत्मनिर्भर होना कितना जरूरी है’।

Exit mobile version