चेन्नई। तमिलनाडु और पुडुचेरी में विधानसभा चुनावों की घोषणा से पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी हजारों करोड़ रुपए की परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास करने पहुंचे। सरकारी कार्यक्रम के बाद उन्होंने जनसभा भी की, जिसमें कांग्रेस और डीएमके पर जम कर हमला बोला। प्रधानमंत्री मोदी ने कांग्रेस के ऊपर पुडुचेरी को एटीएम बना लेने का आरोप लगाया तो तमिलनाडु में सत्तारूढ़ डीएमके पर हमला बोलते हुए कहा कि उसने राज्य में विकास की अनदेखी की। उन्होंने मदुरै में यह भी कहा कि मदुरै डीएमके को कभी पसंद नहीं रहा।
तमिलनाडु और पुडुचेरी की यात्रा पर पहुंचे मोदी ने रविवार को पुडुचीरे में 27 सौ करोड़ और तमिलनाडु में 44 सौ करोड़ रुपए से ज्यादा की परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया। उन्होंने तमिलनाडु में आठ नए बने अमृत भारत रेलवे स्टेशनों, तीन नए आकाशवाणी एफएम रिले ट्रांसमीटर का भी उद्घाटन किया। इसके बाद मोदी ने मदुरै में सभा को संबोधित किया।
मोदी ने कहा, तमिलनाडु राष्ट्र के भविष्य को आकार देने में निर्णायक भूमिका निभाएगा। हमारा सामूहिक लक्ष्य एक विकसित भारत के लिए एक विकसित तमिलनाडु है। इसके बाद पीएम मदुरै के तिरुप्परनकुंद्रम स्थित अरुलमिगु सुब्रमण्य स्वामी मंदिर भी गए। वहां उन्होंने पूजा की और दंडवत प्रणाम किया। मंदिर के पुजारियों ने पीएम को भगवान की तस्वीर भेंट की। प्रधानमंत्री मोदी ने पुडुचेरी को लेकर कांग्रेस पर हमला किया और कहा कि पुडुचेरी को दिल्ली में बैठे एक परिवार के लिए कांग्रेस ने एटीएम बना दिया था। उन्होंने डीएमके पर भी घोटालों के आरोप लगाए और कहा कि कांग्रेस व डीएमके पुडुचेरी के विकास पथ में बाधक बन गए थे। गौरतलब है कि राज्य में पांच साल से एनडीए की सरकार है।
