नई दिल्ली। पहलगाम कांड और ऑपरेशन सिंदूर पर संसद के दोनों सदनों में तीन दिन की चर्चा के बाद एक बार फिर हंगामा और स्थगन लौट आया है। गुरुवार को संसद के दोनों सदनों में अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की ओर से लगाए गए टैरिफ और बिहार में चल रहे मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण यानी एसआईआर के मसले पर जम कर हंगामा हुआ। हंगामे की वजह से दोनों सदनों में कामकाज नहीं हो सका। लोकसभा और राज्यसभा दोनों कई बार स्थगित होने के बाद शुक्रवार सुबह 11 बजे तक के लिए स्थगित कर दिए गए।
गौरतलब है कि अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने बुधवार को भारत पर एक अगस्त से 25 फीसदी शुल्क लगाने का ऐलान किया है। इस पर गुरुवार को विपक्ष ने सदन के अंदर और संसद के बाहर विरोध प्रदर्शन किया। कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी ने कहा, ‘अमेरिकी राष्ट्रपति ने टैरिफ पर जो कहा, उसे सबने देखा है। प्रधानमंत्री मोदी हर जगह जाते हैं, दोस्त बनाते हैं और फिर हमें बदले में यही मिलता है’। इसके पहले प्रियंका सहित विपक्ष के सांसदों ने संसद के मकर द्वार पर बिहार में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण के मसले पर विरोध प्रदर्शन किया।
गुरुवार को राज्यसभा में कार्यवाही शुरू हुई तो विपक्ष के सांसदों ने जम कर हंगामा किया, जिससे सदन की कार्यवाही बाधित हुई। बाद अमेरिका की ओर से टैरिफ लगाने के मसले पर केंद्रीय वाणिज्य और उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने बयान दिया। इसके बाद सदन को शुक्रवार सुबह 11 बजे तक के लिए स्थगित कर दिया गया है। दूसरी ओर लोकसभा की कार्यवाही शुरू होते ही हंगामा होने लगा तो पहले शून्यकाल तक और फिर भोजन अवकाश तक सदन को स्थगित किया गया। दोपहर दो बजे भी विपक्ष ने हंगामा किया। जिसके बाद सदन को शाम 4 बजे तक के लिए स्थगित कर दिया गया। चार बजे भी हंगामा जारी रहा तो सदन शुक्रवार सुबह तक के लिए स्थगित कर दिया गया।
