Naya India-Hindi News, Latest Hindi News, Breaking News, Hindi Samachar

नितिन नबीन जनवरी में बन सकते हैं अध्यक्ष

नई दिल्ली। भाजपा के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष नितिन अध्यक्ष 20 जनवरी तक पूर्णकालिक राष्ट्रीय अध्यक्ष बन सकते हैं। गौरतलब है कि 20 जनवरी 2026 को मौजूदा अध्यक्ष जेपी नड्डा के अध्यक्ष बने छह साल पूरे हो रहे हैं। वे एक कार्यकाल के लिए चुने गए थे लेकिन जनवरी 2023 से लगातार सेवा विस्तार पर रहे। जानकार सूत्रों का कहना है कि जनवरी के तीसरे हफ्ते में भाजपा अध्यक्ष का चुनाव कराएगी। जैसे जेपी नड्डा कार्यकारी से पूर्णकालिक अध्यक्ष बने थे वैसे ही नितिन नबीन भी बन जाएंगे।

भाजपा के जानकार सूत्रों का कहना है कि अब राष्ट्रीय अध्यक्ष का चुनाव कराने में कोई समस्या नहीं है क्योंकि देश के 36 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशो में आधे से बहुत ज्यादा 29 राज्यों में चुनाव हो चुके हैं। इन राज्यों के प्रदेश अध्यक्ष नए राष्ट्रीय अध्यक्ष के तौर पर नितिन नबीन के नाम का प्रस्ताव करेंगे। बताया जा रहा है कि 18 से 20 जनवरी के बीच चुनाव की प्रक्रिया पूरी की जाएगी। गौरतलब है कि पार्टी के नेता के लक्ष्मणन को चुनाव का अधिकारी नियुक्त किया गया है।

गौरतलब है कि पिछले दिनों उत्तर प्रदेश के नए अध्यक्ष का चुनाव हुआ और उससे पहले गुजरात के अध्यक्ष का चुनाव हुआ था। इन दो राज्यों के चुनाव के बाद राष्ट्रीय अध्यक्ष के चुनाव का रास्ता साफ हो गया। ध्यान रहे जिस दिन उत्तर प्रदेश के नए अध्यक्ष का चुनाव हुआ उसके एक दिन बाद ही राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष के रूप में नितिन नबीन के नाम की घोषणा हो गई। बताया जा रहा है कि 15 जनवरी को सभी प्रदेश अध्यक्षों को दिल्ली बुलाया जाएगा और राष्ट्रीय अध्यक्ष के चुनाव की प्रक्रिया शुरू होगी। गौरतलब है कि 14 जनवरी को मकर संक्रांति के बाद शुभ काम होते हैं।

Exit mobile version