Naya India-Hindi News, Latest Hindi News, Breaking News, Hindi Samachar

नीतीश, नितिन नबीन ने इस्तीफा दिया

पटना। बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने बिहार विधान परिषद से और भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन ने बिहार विधानसभा से इस्तीफा दे दिया है। दोनों राज्यसभा के लिए चुने जा चुके हैं। राज्यसभा के लिए चुने जाने के बाद संवैधानिक बाध्यता के तहत 14 दिन की अवधि पूरी होने के आखिरी दिन दोनों ने इस्तीफा दिया। नीतीश कुमार का इस्तीफा विजय चौधरी और एमएलसी संजय गांधी लेकर विधान परिषद पहुंचे। नितिन नबीन का इस्तीफा प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी ने विधानसभा अध्यक्ष को सौंपा।

जदयू नेता और बिहार सरकार के मंत्री विजय चौधरी ने कहा, ‘मुख्यमंत्री जी राज्यसभा के सदस्य निर्वाचित हो चुके हैं। ये तो संवैधानिक प्रक्रिया है। आज उन्हें इस्तीफा देना था। उनका इस्तीफा एमएलसी संजय गांधी ने विधान परिषद के सभापति अवधेश नारायण सिंह सौंप दिया है’। नीतीश कुमार के इस्तीफे पर नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने कहा, ‘बीजेपी ने मुख्यमंत्री से दबाव में इस्तीफा दिलवाया है’।

दूसरी ओर भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन का इस्तीफा बिहार भाजपा के अध्यक्ष संजय सरावगी ने विधानसभा अध्यक्ष डॉ. प्रेम कुमार को सौंपा। नितिन नवीन ने रविवार को असम जाने से पहले अपना इस्तीफा प्रदेश अध्यक्ष को सौंपा था। सोमवार को करीब साढ़े 10 बजे नीतीश का इस्तीफा विधान परिषद के सभापति अवधेश नारायण सिंह को और नितिन नबीन का इस्तीफा विधानसभा अध्यक्ष प्रेम कुमार को सौंपा गया।

Exit mobile version