Naya India-Hindi News, Latest Hindi News, Breaking News, Hindi Samachar

नीतीश ने राज्यसभा सदस्य की शपथ ली

नई दिल्ली। बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार अब राज्यसभा सांसद बन गए हैं। उन्होंने शुक्रवार को उप राष्ट्रपति और राज्यसभा के सभापति सीपी राधाकृष्णन के चैम्बर में राज्यसभा सदस्य के तौर पर शपथ ली। इस मौके पर केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण, उच्च सदन के नेता जेपी नड्डा, कांग्रेस के संचार विभाग के प्रभारी जयराम रमेश और बिहार भाजपा व जनता दल यू के अनेक बड़े नेता मौजूद थे। शपथ लेने के बाद शुक्रवार की शाम को ही नीतीश कुमार पटना वापस लौट गए।

राज्यसभा की शपथ लेने के साथ ही नीतीश कुमार ने चारों सदन का सदस्य बनने का रिकॉर्ड बनाया। बिहार में लालू प्रसाद, उपेंद्र कुशवाहा, नागमणि भी चारों सदनों के सदस्य रहे हैं। नीतीश पहली बार राज्यसभा पहुंचे हैं। इसके पहले वे छह बार लोकसभा सांसद, दो बार विधायक और चार बार विधान परिषद के सदस्य रहे हैं। शपथ ग्रहण करने के बाद सीएम नीतीश कार्यकर्ताओं से मिले। इस दौरान केंद्रीय मंत्री राजीव रंजन उर्फ ललन सिंह और जदयू के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष संजय झा भी मौजूद थें।

जानकार सूत्रों का कहना है कि नीतीश कुमार सोमवार, 13 अप्रैल को कैबिनेट की अंतिम बैठक करेंगे। इसके अगले दिन यानी 14 अप्रैल को वे राज्यपाल को अपने पद से इस्तीफा सौंप सकते हैं। बताया जा रहा है कि 14 अप्रैल को ही एनडीए विधायक दल की बैठक भी होगी, जिसमें नए मुख्यमंत्री के नाम पर मुहर लगेगी। इससे पहले गुरुवार को दिल्ली के लिए रवाना होते समय नीतीश कुमार ने कहा था कि नई सरकार के बारे में सब कुछ तय हो गया है।

Exit mobile version