नई दिल्ली। मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण यानी एसआईआर के खिलाफ सुप्रीम कोर्ट में विपक्षी पार्टियों ने एक नई याचिका दायर की है। इससे पहले राहुल गांधी सहित एक दर्जन विपक्षी नेताओं ने सुप्रीम कोर्ट में याचिका दायर की थी, जिस पर 13 और 26 अक्टूबर को सुनवाई हुई थी। अदालत ने इस मामले में नोटिस भी जारी किया था। लेकिन अब विपक्ष ने एक नई याचिका दायर की है, जिसमें नई मांग की गई है।
राहुल गांधी सहित विपक्षी विपक्षी गठबंधन यानी ‘इंडिया’ ब्लॉक के नेताओं सोमवार को यह नई याचिका दायर की। इसमें विपक्ष ने चुनाव आयोग से एसआईआर को लेकर 48 सवाल पूछने की अनुमति मांगी है। याचिकाकर्ताओं ने कहा है कि इन सवालों के जवाब देने की जिम्मेदारी संभाल रहे डिप्टी इलेक्शन कमिश्नर के पास अगर रिकॉर्ड के आधार पर जानकारी नहीं है, तो मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार और दोनों चुनाव आयुक्त, सुखबीर सिंह संधू और विवेक जोशी अलग अलग हलफनामा दाखिल कर जवाब दें।
कांग्रेस और दूसरी विपक्षी पार्टियों ने सबसे पहला सवाल यही पूछा है कि एसआईआर का आदेश किसने दिया था? विपक्ष जानना चाहता है कि इसमें क्या प्रक्रिया अपनाई गई थी? सोमवार को नई याचिका दायर करने के बाद कांग्रेस ने 48 सवालों की सूची जारी कर दी। इसमें यह भी पूछा गया है कि एसआईआऱ के दौरान चुनाव आयोग ने कौन कौन से फैसले लिए और साथ ही यह भी पूछा है कि किन फैसलों पर दो चुनाव आयुक्तों ने आपत्ति जताई। गौरतलब है कि ‘इंडियन एक्सप्रेस’ की रिपोर्ट में बताया गया था कि 10 महीने में दो चुनाव आयुक्तों ने 14 बार लिखित आपत्ति जताई थी।
बहरहाल, इससे पहले 11 अक्टूबर को विपक्षी सांसदों ने चीफ जस्टिस सूर्यकांत को पत्र लिखा था और ज्ञापन सौंपने के लिए समय मांगा था। उस समय चीफ जस्टिस ने विपक्ष से मिलने से मना कर दिया था। इसके बाद विपक्षी नेताओं ने 12 अक्टूबर को दिल्ली की बाराखंभा रोड से सुप्रीम कोर्ट तक मार्च निकाला था। उसी दिन सुप्रीम कोर्ट में मुख्य चुनाव आयुक्त और एसआईआर को लेकर याचिका भी दायर की थी। बाद में याचिका में कुछ कमियां थीं, जिन्हें दुरुस्त करके दोबारा दायर किया गया।
