नई दिल्ली। अरुणाचल प्रदेश पर चीन के दावे का पाकिस्तान ने समर्थन किया है। पाकिस्तान के विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता ताहिर अंद्राबी ने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा है, ‘चीन की संप्रभुता और क्षेत्रीय अखंडता से जुड़े हर मुद्दे पर पाकिस्तान का लगातार और पूरा समर्थन चीन के साथ है’। अरुणाचल प्रदेश पर चीनी विदेश मंत्रालय के दिए गए बयानों के सवाल पर अंद्राबी ने यह बात कही।
गौरतलब है कि चीन लंबे समय से अरुणाचल प्रदेश को अपना हिस्सा बताता रहा है और पिछले महीने 25 नवंबर को उसने एक बार फिर यह दावा किया। चीनी विदेश मंत्रालय की प्रवक्ता माओ निंग ने अरुणाचल प्रदेश को जांगनान बताते हुए कहा था कि वह चीन का हिस्सा है। चीनी प्रवक्ता ने कहा था कि चीन ने अरुणाचल प्रदेश को कभी भारत का हिस्सा नहीं माना। चीन का यह बयान अरुणाचल प्रदेश में जन्मी भारतीय महिला पेम वांगजॉम थांगडॉक के साथ शंघाई एयरपोर्ट पर बदसलूकी के आरोपों के सवाल पर आया था।
चीन ने पेम के साथ बदसलूकी के आरोपों को भी नकार दिया था। चीन के इस बयान पर भारतीय विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने कहा था कि अरुणाचल प्रदेश भारत का अभिन्न और अविभाज्य हिस्सा है। चीन चाहे जितना भी इनकार करे, सच्चाई नहीं बदल सकती। गौरतलब है कि चीन अरुणाचल को ‘दक्षिणी तिब्बत’ का हिस्सा बताता है।
