Naya India-Hindi News, Latest Hindi News, Breaking News, Hindi Samachar

दिल्ली, एनसीआर में बारिश तो पहाड़ों में बर्फबारी

नई दिल्ली। उत्तर भारत के पहाड़ी राज्यों में लगातार बर्फबारी हो रही है तो राजधानी दिल्ली और एनसीआर के इलाके में बारिश की वजह से मौसम की गर्मी थोड़ी कम हुई है। बुधवार की शाम से शुरू हुई बारिश का सिलसिला गुरुवार को भी जारी रहा। गुरुवार को दिन भर बादल छाए रहे और शाम में तेज आंधी के साथ बारिश हुई। इससे दिल्ली में अधिकतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस तक गिर गया। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक शुक्रवार को भी दिल्ली में बारिश हो सकती है।

उधर उत्तर भारत के पहाड़ी राज्यों जम्मू कश्मीर से लेकर उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश में बर्फबारी हो रही है। इसका असर दिल्ली में दिख रहा है। दिल्ली में मार्च के पहले हफ्ते में तापमान 36 डिग्री तक पहुंच गया था। उत्तराखंड के ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी हुई है। बद्रीनाथ, केदारनाथ के अलावा गंगोत्री और यमुनोत्री दोनों जगह बर्फ गिरी है। इससे पूरे इलाके में कड़ाके की ठंड लौटी है। मौसम विभाग ने अगले कुछ दिन इसी तरह का मौसम रहने की संभावना जताई है। इसी तरह हिमाचल प्रदेश के शिमला में अचानक बारिश और बर्फबारी से ठंड बढ़ गई है। उधर जम्मू कश्मीर के गुलमार्ग और सोनमर्ग में भी अच्छी बर्फबारी हुई है। गुलमर्ग में छह इंच बर्फ की परत जम गई है।

Exit mobile version