Naya India-Hindi News, Latest Hindi News, Breaking News, Hindi Samachar

सपा-कांग्रेस की वार्ता आज

New Delhi, Feb 06 (ANI): Lok Sabha LoP and Congress MP Rahul Gandhi and Samajwadi Party chief Akhilesh Yadav attend the protest by the DMK students wing against the University Grants Commission (UGC) draft rules, at Jantar Mantar in New Delhi on Thursday. (ANI Photo)

नई दिल्ली/लखनऊ। समाजवादी पार्टी और कांग्रेस के बीच विधानसभा चुनाव के लिए सीट बंटवारे को लेकर पहली औपचारिक वार्ता सोमवार को दिल्ली में होगी। इस अहम वार्ता से पहले समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने चार सदस्यों की एक कमेटी बनाई है, जो सीट बंटवारे पर बातचीत करेगी। अखिलेश यादव के चाचा और राज्यसभा सांसद रामगोपाल यादव इस बातचीत में पार्टी का नेतृत्व करेंगे। कांग्रेस की ओर से सीट बंटवारे पर बातचीत के लिए पांच लोगों की कमेटी बनाई गई है।

सपा की ओर से रामगोपाल यादव के साथ समाजवादी पार्टी के उत्तर प्रदेश के अध्यक्ष श्यामलाल पाल, गाजीपुर से लोकसभा सदस्य राजीव राय और शामली के कैराना से लोकसभा सदस्य इकरा हसन को रखा गया है। सपा प्रमुख ने बातचीत की इस कमेटी में यादव, गैर यादव पिछड़ा, सवर्ण और मुस्लिम चारों को रखा है। कांग्रेस की ओर से प्रियंका गांधी वाड्रा बातचीत का नेतृत्व करेंगी। उनके साथ संगठन महासचिव केसी वेणुगोपाल, प्रदेश के प्रभारी राजेंद्र पाल गौतम, प्रदेश अध्यक्ष आराधना मिश्र मोना और कार्यकारी अध्यक्ष इमरान मसूद होंगे।

यह कमेटी शुरुआती बातचीत करेगी। गौरतलब है कि अखिलेश यादव ने बताया है कि कांग्रेस 181 सीटों की मांग कर रही है। समाजवादी पार्टी की ओर से अभी तक यह नहीं बताया गया है कि वह कितनी सीटें देना चाहती है। लेकिन कहा जा रहा है कि सपा किसी हाल में कांग्रेस को तीन अंकों में सीट नहीं देगी। यानी एक सौ सीटों से नीचे ही कांग्रेस को समझौता करना होगा।

गौरतलब है कि कांग्रेस ने उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव के लिए 181 सीटों पर दावा किया है और सपा को 15 दिसंबर तक अंतिम फैसला करने को कहा है। जानकार सूत्रों के मुताबिक, कांग्रेस की प्रस्तावित सूची में पश्चिमी उत्तर प्रदेश और बुंदेलखंड की ज्यादा सीटें शामिल हैं। यह भी कहा जा रहा है कि कांग्रेस जो सीटें मांग रही है उनमें सपा के मौजूदा विधायकों वाली 22 सीटें भी हैं। सपा पिछली बार जीती सभी सीटों पर लड़ना चाहती है और साथ ही जिन सीटों पर वह दूसरे स्थान पर रही थी उन सीटों की भी मांग कर रही है। इस वजह से सीट बंटवारे में समस्या आ सकती है।

Exit mobile version