Naya India-Hindi News, Latest Hindi News, Breaking News, Hindi Samachar

तारिक रहमान 17 साल बाद बांग्लादेश लौटे

ढाका। बांग्लादेश की पूर्व प्रधानमंत्री खालिदा जिया के बेटे तारिक रहमान 17 साल बाद देश लौट आए हैं। वे गिरफ्तारी से बचने के लिए 2008 में लंदन भाग गए थे। तब हसीना सरकार में उनके खिलाफ भ्रष्टाचार के कई मामले चल रहे थे। आज तारिक के स्वागत में उनकी पार्टी बीएनपी के एक लाख से ज्यादा कार्यकर्ता जुटे। ढाका हवाईअड्डे से उन्होंने रोड शो शुरू किया। उनका रोड शो करीब 13 किलोमीटर चला, जिसमें तीन घंटे लगे। इसके बाद उन्होंने लोगों को संबोधित भी किया। उन्होंने कहा कि वे देश में शांति कायम करेंगे और नया बांग्लादेश बनाएंगे। हालांकि उन्होंने शेख हसीना को लेकर कुछ भी नहीं कहा।

इसके बाद तारिक रहमान एवरकेयर अस्पताल में अपनी मां से मुलाकात करने पहुंचे। गौरतलब है कि बांग्लादेश में अगले साल 12 फरवरी को आम चुनाव होने हैं। खालिदा जिया के बीमार होने की वजह से माना जा रहा है कि बीएनपी की ओर से रहमान प्रधानमंत्री पद के दावेदार हो सकते हैं। बहरहाल, अपनी बीमार मां से मिलने के बाद वे अपने गुलशन स्थित आवास पहुंचे।

इससे पहले उन्होंने एक सोशल मीडिया पोस्ट में कहा कि अल्लाह जिसे चाहता है उसे सत्ता देता है और जिससे चाहता है उससे सत्ता छीन लेता है। तारिक रहमान ने फेसबुक पोस्ट में लिखा, ‘अल्लाह! आप जिसे चाहें ताकत देते हैं और जिससे चाहें छीन लेते हैं। आप जिसे चाहें सम्मान देते हैं और जिसे चाहें अपमानित करते हैं। भलाई आपके हाथों में है’। तारिक रहमान ने कहा कि कुछ वर्चस्ववादी ताकतों के एजेंट अभी भी बांग्लादेश के खिलाफ साजिशों में लगे हुए हैं। उन्होंने युवाओं से देश को आगे ले जाने की जिम्मेदारी उठाने को कहा।

तारिक रहमान ने कहा कि बांग्लादेश का पुनर्निर्माण लोकतांत्रिक नींव और मजबूत आर्थिक आधार पर होना चाहिए। अपने स्वागत में पहुंचे लोगों को संबोधित करते हुए उन्होंने शरीफ उस्मान बिन हादी की हाल ही में हुई हत्या का जिक्र किया और उन्हें एक बहादुर सदस्य बताया। तारिक ने कहा कि हादी, 1971 में मारे गए लोग और तानाशाही के दौर में जबरन गायब किए गए और हत्याओं के शिकार हुए लोगों का खून बेकार नहीं जाना चाहिए।

Exit mobile version