Naya India-Hindi News, Latest Hindi News, Breaking News, Hindi Samachar

वैध नहीं था 2024 का चुनाव

हैदराबाद। लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने एक बार फिर कहा है कि 2024 का लोकसभा चुनाव वैध नहीं था। उन्होंने चुनाव आयोग द्वारा मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण यानी एसआईआर में 13 करोड़ से ज्यादा नाम काटे जाने का जिक्र करते हुए सवालिया लहजे में कहा कि अगर इतने नाम मतदाता सूची में वैध नहीं थे तो 2024 का चुनाव कैसे वैध था? राहुल ने यह भी आरोप लगाया है कि 2014 का चुनाव जीतने के लिए भाजपा ने करोड़ों, अरबों रुपए खर्च किए।

राहुल गांधी ने शनिवार को हैदराबाद में ‘भारत समिट’ को संबोधित करते हुए 2024 के लोकसभा चुनावों को अवैध बताने वाली अपनी बात दोहराई। उन्होंने चुनाव आयोग पर आरोप लगाया कि उसने मतदान करने वाले 140 मिलियन यानी 14 करोड़ लोगों को या तो अस्तित्वहीन मतदाता या गैर मतदाता करार दिया। राहुल गांधी ने चुनाव आयोग पर निशाना साधते हुए पूछा, ‘अगर चुनाव आयोग 140 मिलियन मतदाताओं को अवैध घोषित कर देता है, तो फिर चुनाव वैध कैसे हो सकता है’?

कांग्रेस की ओर से आयोजित दो दिन के ‘भारत समिट’ में राहुल ने कहा, “2024 के लोकसभा चुनाव में वोट डालने वाले 140 मिलियन लोगों को कुछ महीने पहले ‘अस्तित्वहीन मतदाता’ या ‘गैर मतदाता’ घोषित कर दिया गया था… अगर चुनाव आयोग ने 140 मिलियन मतदाताओं, जो भारतीय मतदाताओं का लगभग 13 फीसदी हैं और जिन्होंने 2024 के चुनावों में वोट दिया था, को अवैध या गैर मतदाता करार दिया है, तो फिर वह चुनाव वैध कैसे हो सकता है”?

राहुल गांधी ने 2014 के लोकसभा चुनावों पर सवाल खड़े करते हुए कहा, ‘2014 में हमने एक बिल्कुल नया चुनाव देखा, ऐसा कुछ जो हमने पहले कभी नहीं देखा था। राजनीतिक व्यवस्था में करोड़ों, अरबों डॉलर झोंक दिए गए।’ राहुल गांधी ने आगे कहा कि विपक्ष शुरू में इस बदलाव से हैरान रह गया था और इन बदलावों को समझने में उन्हें लगभग एक दशक लग गया।

उन्होंने कहा कि इस बदलाव ने उस चुनावी व्यवस्था को पूरी तरह पलट दिया, जिसमें पहले कड़े मुकाबले और गठबंधन सरकारों का दौर हुआ करता था। राहुल गांधी ने आरोप लगाते हुए कहा कि एक दशक में भाजपा की संपत्ति 11 गुना बढ़ गई है। उन्होंने पार्टी की इस आर्थिक वृद्धि को राजनीतिक और आर्थिक सत्ता के एक ही जगह केंद्रित होने से जोड़ा।

Exit mobile version