Naya India-Hindi News, Latest Hindi News, Breaking News, Hindi Samachar

अरुणाचल में भाजपा के 10 उम्मीदवार निर्विरोध जीते

लोकसभा चुनाव

Lok Sabha Elections 2024

ईटानगर। अरुणाचल प्रदेश में 10 विधानसभा सीटों पर भाजपा के उम्मीदवार बिना चुनाव लड़े ही जीत गए हैं। 60 सदस्यों की विधानसभा में 10 सीटों पर भाजपा उम्मीदवार निर्विरोध जीत गए क्योंकि उनकी सीट पर भाजपा प्रत्याशी के अलावा किसी ने नामांकन दर्ज नहीं किया। शनिवार को नाम वापसी के आखिरी दिन इन 10 उम्मीदवारों को विजयी घोषित कर दिया गया। बाकी 50 सीटों पर 19 अप्रैल को एक चरण में चुनाव होगा।

निर्विरोध जीतने वालों में राज्य के मुख्यमंत्री पेमा खांडू और उप मुख्यमंत्री चाउना मेन भी शामिल हैं। पेमा खांडू ने मुक्तो विधानसभा क्षेत्र से नामांकन भरा था। चूंकि किसी और उम्मीदवार ने पर्चा दाखिल नहीं किया। इसलिए खांडू को निर्विरोध चुन लिया गया। बाकी नौ सीटों पर भी इसी तरह भाजपा उम्मीदवारों को जीत मिली। राज्य में 19 अप्रैल को एक फेज में चुनाव होंगे। और दो जून को नतीजे घोषित होंगे।

गौरतलब है कि पेमा खांडू पहले कांग्रेस में थे और कांग्रेस की ओर से ही मुख्यमंत्री बने थे। लेकिन जबरदस्त नाटकीय घटनाक्रम में सितंबर 2016 में मुख्यमंत्री पेमा खांडू के नेतृत्व में 43 विधायक कांग्रेस छोड़ कर भाजपा की सहयोगी पीपुल्स पार्टी ऑफ अरुणाचल में शामिल हो गए। इसके पांचवे दिन पीपुल्स पार्टी ऑफ अरुणाचल के अध्यक्ष ने खांडू सहित सात विधायकों को पार्टी से निकाल दिया। यह नाटक थोड़े दिन चलता रहा और अंत में दिसंबर 2016 में खांडू पीपुल्स पार्टी के 43 विधायकों में से 33 को साथ लेकर भाजपा में शामिल हो गए और सदन में बहुमत साबित कर दिया। भाजपा के पहले से ही 11 विधायक थे। खांडू तब से राज्य के मुख्यमंत्री बने हुए हैं।

 

यह भी पढ़ें:

भाजपा के चार सांसदों ने पार्टी छोड़ी

विवादित नेताओं की फिर कटी टिकट

Exit mobile version