Naya India-Hindi News, Latest Hindi News, Breaking News, Hindi Samachar

कई दिग्गज नेता चुनाव हारे

Lok sabha Eelction 2024 BJP

Lok sabha Eelction 2024 BJP

नई दिल्ली। पांच राज्यों में हुए विधानसभा चुनावों में से चार बड़े राज्यों के नतीजे आ गए हैं। तीन राज्यों में भाजपा की और एक राज्य में कांग्रेस की सरकार बनेगी। लेकिन दोनों पार्टियों के कई दिग्गज नेता विधानसभा का चुनाव हार गए हैं। सबसे दिलचस्प राजस्थान में हुआ, जहां विधानसभा के स्पीकर सीपी जोशी चुनाव हार गए। अशोक गहलोत सरकार के 25 में से 17 मंत्री चुनाव हार गए हैं। भाजपा ने जीत कर स्पष्ट बहुमत हासिल किया है लेकिन उसके कई बड़े नेता चुनाव हारे हैं। विधानसभा में नेता विपक्ष राजेंद्र राठौड़ और उपनेता सतीश पुनिया दोनों चुनाव हार गए। पुनिया कुछ दिन पहले तक भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष थे। भाजपा ने अपन सात सांसदों को चुनाव लड़ाया था, जिनमें से तीन हार गए हैं।

इसी तरह मध्य प्रदेश में कई दिग्गज नेता चुनाव हारे हैं। शिवराज सिंह चौहान की सरकार के कृषि मंत्री कमल पटेल, उद्योग मंत्री राज्यवर्धन सिंह दत्तीगांव सहित चार मंत्री चुनाव हार गए हैं। राज्य के गृह मंत्री नरोत्तम मिश्रा भी चुनाव नहीं जीत सके। केंद्रीय मंत्री फग्गन सिंह कुलस्ते भी विधानसभा का चुनाव हार गए। हालांकि दो अन्य केंद्रीय मंत्री- नरेंद्र सिंह तोमर और प्रहलाद पटेल चुनाव जीत गए हैं। लहार सीट से कांग्रेस के दिग्गज और विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष गोविंद सिंह राजपूत चुनाव हार गए हैं।

छत्तीसगढ़ में कांग्रेस को सबसे बड़ा झटका उप मुख्यमंत्री टीएस सिंहदेव की हार से लगा। वे अपनी सीट पर एक सौ से कुछ ज्यादा वोटों के मामूली अंतर से चुनाव हार गए। दुर्ग से भाजपा के सांसद विजय बघेल पाटन सीट पर विधानसभा का चुनाव हार गए हैं। उन्हें उनके चाचा और राज्य के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने हराया। इकलौते मुस्लिम विधायक मोहम्मद अकबर कवर्धा सीट पर हार गए तो बघेल सरकार के दिग्गज मंत्री रविंद्र चौबे भी चुनाव नहीं जीत सके।

Exit mobile version