Naya India-Hindi News, Latest Hindi News, Breaking News, Hindi Samachar

अरुणाचल पहुंची राहुल की यात्रा

इटानगर। कांग्रेस नेता राहुल गांधी की भारत जोड़ो न्याय यात्रा शनिवार को असम से निकल कर अरुणाचल प्रदेश में दाखिल हुई। अरुणाचल में अपने पहले कार्यक्रम में राहुल गांधी ने केंद्र सरकार और भाजपा के ऊपर हमला किया। उन्होंने कहा कि भाजपा जाति, धर्म आदि के नाम पर लोगों को बांटती है और लड़ाती है। उन्होंने पुराने आरोप दोहराते हुए कहा कि भाजपा कुछ चुनिंदा उद्योगपतियों के लिए काम करती है।

इससे पहले अरुणाचल पहुंचने पर पापुम पारे जिले में गुमटो चेकगेट पर कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष नबाम तुकी ने राहुल गांधी का स्वागत किया और वहां ध्वज हस्तांतरण कार्यक्रम आयोजित हुआ। ध्वज हस्तांतरण समारोह तुकी और कांग्रेस के असम के अध्यक्ष भूपेन बोरा के बीच हुआ। इस मौके पर राहुल गांधी ने उनका गर्मजोशी से स्वागत करने के लिए लोगों को धन्यवाद दिया। पारंपरिक निशी टोपी पहने राहुल गांधी सैंकड़ों पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ दोईमुख रवाना हुए, जहां उन्होंने एक जनसभा को संबोधित किया।

बताया गया है कि दोईमुख से राहुल गांधी बस से नहारलागुन जाएंगे और रेहड़ी-पटरी वालों के साथ बातचीत करें। वे रविवार सुबह होलोंगी से होकर इटानगर से रवाना होंगे। गौरतलब है कि राहुल गांधी के नेतृत्व में भारत जोड़ो न्याय यात्रा 14 जनवरी को मणिपुर से शुरू हुई थी और करीब 67 सौ किलोमीटर की दूरी तय करके इसका समापन 20 मार्च को मुंबई में होगा। अरुणाचल प्रदेश में राहुल की यात्रा के लिए सुरक्षा के कड़े बंदोबस्त किए गए हैं।

अरुणाचल प्रदेश में प्रवेश करने के तुरंत बाद अपने पहले कार्यक्रम में राहुल गांधी ने भाजपा पर जाति, पंथ और धर्म के नाम पर देश को बांटने का आरोप लगाया। दोईमुख के लोगों के साथ बातचीत करते हुए राहुल ने आरोप लगाया कि भाजपा लोगों को धर्म और भाषा के नाम पर आपस में लड़ने के लिए उकसाती है। उन्होंने कहा- भाजपा कुछ उद्योगपतियों के हित के लिए काम करती है, न कि उन लोगों के हित के लिए जो बेहद परेशानियों का सामना कर रहे हैं। दूसरी ओर, कांग्रेस लोगों को एकजुट करने और उनकी बेहतरी के लिए काम करती है।

Exit mobile version