Naya India-Hindi News, Latest Hindi News, Breaking News, Hindi Samachar

हरियाणा, दिल्ली में आंदोलन को समर्थन

नई दिल्ली/चंडीगढ़। न्यूनतम समर्थन मूल्य यानी एमएसपी की कानूनी गारंटी सहित कई और मांगों को लेकर पंजाब में प्रदर्शन कर रहे किसानों को हरियाणा और दिल्ली में बड़ा समर्थन मिला है। दिल्ली में दिल्ली सिख गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी ने किसानों का समर्थन किया है। उधर हरियाणा में भारतीय किसान यूनियन के चढ़ूनी गुट ने किसानों के समर्थन में रविवार को महापंचायत करने का ऐलान किया है।

किसान नेता गुरनाम चढ़ूनी ने रविवार को कुरुक्षेत्र में किसान पंचायत बुलाई है, जिसमें किसानों के साथ खाप पंचायतें भी आएंगी। यहां से हरियाणा में किसान आंदोलन शुरू करने के लिए फैसला किया जाएगा। इस बीच चंडीगढ़ में किसानों की केंद्र सरकार से होने वाली चौथी वार्ता से एक दिन पहले शनिवार को राजपुरा में किसान नेताओं और पंजाब पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों की मीटिंग हुई। केंद्रीय मंत्रियों के साथ तीसरे दौर की बैठक से पहले भी यहां पंजाब के अधिकारी किसान नेताओं से मिले थे।

बहरहाल, हरियाणा की भारतीय किसान यूनियन चढ़ूनी गुट रविवार को कुरुक्षेत्र में ब्रह्मसरोवर पर किसान पंचायत करेगी। इसमें सभी किसान संगठन और खाप पंचायतें शामिल होंगी। इस पंचायत से हरियाणा में आंदोलन शुरू करने का फैसला लेकर ऐलान किया जाएगा। यूनियन के प्रधान गुरनाम चढ़ूनी इसकी अगुआई करेंगे। इस बीच दिल्ली सिख गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी ने किसानों के संघर्ष को अपना समर्थन देने की घोषणा की है। कमेटी ने कहा है कि संघर्ष कर रहे किसानों को जिस भी तरह की मदद की जरूरत होगी, दिल्ली कमेटी उसे मुहैया कराएगी।

Exit mobile version