Naya India-Hindi News, Latest Hindi News, Breaking News, Hindi Samachar

सात राज्यों में गर्मी का कहर

नई दिल्ली। राजधानी दिल्ली में बादल छाए रहने और बूंदाबांदी के बावजूद तापमान 45 डिग्री सेल्सियस से ऊपर रहा। दिल्ली के आयानगर में तो तापमान 47 डिग्री दर्ज किया गया। शनिवार को उत्तर प्रदेश के कानपुर में सबसे ज्यादा 48.2 डिग्री तापमान दर्ज किया गया। मौसम विभाग के मुताबिक हरियाणा का सिरसा दूसरे नंबर पर रहा, वहां तापमान 47.8° डिग्री रहा। एक दिन की राहत के बाद उत्तर भारत के एक दर्जन राज्यों में गर्मी की सितम जारी रहा। 

मौसम विभाग ने शनिवार को राजस्थान, उत्तर प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, ओडिशा, महाराष्ट्र, मध्य प्रदेश, बिहार, झारखंड, छत्तीसगढ़, उत्तराखंड, आंध्र प्रदेश और हिमाचल में हीटवेव का अनुमान जताया। मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश और ओडिशा में दिन के साथ रात भी गर्म रहेगी। गोवा, तेलंगाना में उमस भरी गर्मी की आशंका है। देश में गर्मी और हीटवेव के कारण पिछले चार दिन में 320 से ज्यादा लोगों की मौत हो गई। 

पिछले तीन दिनों में उत्तर प्रदेश में सबसे ज्यादा करीब एक सौ लोगों की जान गई है। बिहार में पिछले तीन दिनों में हीटवेव से 70 के करीब लोगों की मौत हुई। उत्तर प्रदेश और बिहार में शुक्रवार को करीब 40 लोगों की मौत की खबर है। इनमें 25 लोकसभा चुनाव की ड्यूटी में लगाए गए कर्मचारी और सुरक्षाकर्मी हैं। खबरों के मुताबिक पिछले चार दिन में राजस्थान में गर्मी के चलते 60, झारखंड में 37, ओडिशा में 18, मध्य प्रदेश में दो और दिल्ली में एक व्यक्ति की मौत हुई।

Exit mobile version