Naya India-Hindi News, Latest Hindi News, Breaking News, Hindi Samachar

एमएसपी की कानूनी गारंटी देंगे:राहुल

रायपुर। कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने पंजाब से शुरू हुए किसान आंदोलन के बीच कहा है कि अगर कांग्रेस की सरकार बनती है तो वह न्यूनतम समर्थन मूल्य यानी एमएसपी की कानूनी गारंटी देगी। उन्होंने कहा है कि यह घोषणापत्र में शामिल होगा और केंद्र में सरकार बनते ही इसे लागू किया जाएगा। राहुल ने यह भी कहा कि फसलों के दाम कम होने पर भी सरकार इसकी भरपाई करेगी। भारत जोड़ो न्याय यात्रा के दौरान अंबिकापुर में राहुल गांधी ने किसानों से यह वादा किया।

अंबिकापुर के कला केंद्र में जनसभा करने के बाद राहुल गांधी सीधे दिल्ली रवाना हो गए। उनके साथ मल्लिकार्जुन खड़गे और कांग्रेस के कुछ अन्य नेता भी विशेष विमान से रवाना हुए। कहा जा रहा है कि राहुल गांधी आंदोलन कर रहे किसानों से मुलाकात करेंगे। पहले अपनी यात्रा में राहुल गांधी को बलरामपुर के लिए रवाना होना था, जहां रात्रि विश्राम के बाद बुधवार को यात्रा फिर से झारखंड में प्रवेश करने वाली थी। उससे पहले राहुल दिल्ली चले गए। यात्रा फिर कब शुरू होगी इस बारे में कुछ नहीं बताया गया।

भारत जोड़ो न्याय यात्रा छत्तीसगढ़ में तीसरे दिन मंगलवार को सरगुजा पहुंची। राहुल गांधी ने उदयपुर के रामगढ़ से यात्रा की शुरुआत की। यात्रा के दौरान हालांकि राहुल ने हसदेव आंदोलन के आदिवासियों से मुलाकात नहीं की। कांग्रेस सूत्रों का कहना है कि, अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के नेता चाहता हैं कि राहुल हसदेव जाएं, लेकिन प्रदेश कमेटी ने इनकार कर दिया है। यात्रा के तीसरे दिन मंगलवार को पूर्व केंद्रीय मंत्री जयराम रमेश और कांग्रेस नेता कन्हैया कुमार ने प्रेस कांफ्रेंस करके मोदी सरकार और किसान कानून पर निशाना साधा है।

Exit mobile version